सैफ अली खान और सोहा अली खान की बहन सबा पटौदी ने परिवार से हटकर बिल्कुल अलग रास्ता चुना. मां शर्मिला टैगोर और भाई-बहन की तरह सबा ने एक्टिंग में करियर बनाने के बजाय लाइमलाइट और ग्लैमर की दुनिया से दूरी बनाए रखी.
50 साल की सबा ने अब तक शादी नहीं की है. वो अपनी सिंगल लाइफ एन्जॉय कर रही हैं. हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ पर खुलकर बात की. सबा ने बताया कि उन्होंने अब तक शादी क्यों नहीं की है.
क्यों अब तक सिंगल हैंं सबा?
सबा ने कहा कि ऐसा नहीं है कि वो शादी नहीं करना चाहतीं. लेकिन उन्हें अब तक सही इंसान नहीं मिला है, जिसके साथ वो घर बसा सकें. सबा ने कहा कि अगर उन्हें अभी भी कोई सही पार्टनर मिलेगा तो वो शादी कर सकती हैं.
सबा ने बताया कि उनके पिता ने बचपन से ही उन्हें जिम्मेदार और इंडीपेंडेंट रहना सिखाया है. वो अपने पार्टनर से भी इसी की उम्मीद करती हैं.
She The People संग बातचीत में सबा ने कहा- मैं अपनी मर्जी से सिंगल नहीं हूं. मैं भी चाहती थी कि मुझे एक प्यार करने वाला पार्टनर मिले. लेकिन मैंने तापसी को एक इंटरव्यू में कहते सुना था कि उन्हें मर्द चाहिए, लड़का नहीं. उनकी इस बात पर मैं यही कहूंगी कि शायद मैं भी कई लड़कों से मिली हूं. मेरी जिंदगी में एक ऐसे पिता थे, जिन्होंने छोटी उम्र से ही मुझे इंडीपेंडेंट बनाया और जिम्मेदारी उठानी सिखाई.
'इसलिए मैं अक्सर अब्बा से कहती थी कि आपने मुझे अलग बनना सिखाया है. मैं किसी ऐसे इंसान के साथ एडजस्ट करने वाली नहीं हूं, जिसे जिम्मेदारी का एहसास न हो. '
स्ट्रॉन्ग महिलाओं को मुश्किल से मिलते हैं पार्टनर?
सबा ने यह भी कहा कि स्ट्रॉन्ग महिलाओं को कंपैटिबल पार्टनर ढूंढने में मुश्किल होती है. वो बोलीं- मर्द अभी भी पूरी तरह से स्ट्रॉन्ग महिलाओं को स्वीकारते नहीं हैं. मैं अकेले रहकर भी खुश रहती हूं. मैं सिंगल जरूर हूं, लेकिन तन्हा नहीं हूं.
शादी पर सबा बोलीं- मैं अपने कई दोस्तों को देखती हूं, जो 50 की उम्र में भी अपनी जिंदगी की नई शुरुआत कर रहे हैं और नया रिश्ता बना रहे हैं. तो उम्मीद तो हमेशा रहती है, लेकिन मैं सिर्फ शादी के नाम पर कोई समझौता नहीं करूंगी. लेकिन अगर मुझे वैसा कोई इंसान मिल जाए, तो मैं इसके लिए अब भी तैयार हूं.
सबा ने आगे यह भी कहा कि उनके परिवार ने यह मान लिया है कि 50 की उम्र में अब वो शादी नहीं करेंगी. लेकिन अगर उन्हें पार्टनर मिलता है, तो वो अपने परिवार से उसे जरूर मिलाएंगी. सबा आज भी प्यार के लिए ओपन हैं.