कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज यानी 8 अक्टूबर को एक बार फिर विपक्षी सांसदों को लंच पर बुलाया था. यह लंच दोपहर 1:45 बजे दिल्ली के कनॉट प्लेस में रखा गया था. लगातार दूसरे दिन कनॉट प्लेस में ऐसा आयोजन हुआ. इस आयोजन के बाद सांसद राजघट के लिए रवाना हो गए .
कल यानी 7 अक्टूबर को भी लंच के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कई सांसद चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर की ओर बढ़े थे, जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था. करीब दो घंटे बाद सबको रिहा कर दिया गया और अब कई नेताओं पर FIR भी दर्ज हुई है.
4:50 PM: बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस के राजघाट मार्च और राहुल गांधी के प्रदर्शन को लेकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी मामले का फैसला सड़क पर भीड़ जुटाकर नहीं किया जा सकता. उनके मुताबिक, जब मामला सुप्रीम कोर्ट में है तो अदालत तथ्यों के आधार पर फैसला करती है, न कि सड़क पर जुटाई गई भीड़ के आधार पर. प्रदीप भंडारी ने दावा किया कि इसी मुद्दे को लेकर देश के 40 से ज्यादा पूर्व जजों ने एक ओपन लेटर लिखा है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करने की कोशिश कर रही है.
4:45 PM: राजघाट पर कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर तैयारियां की गई हैं. यहां ढोल-नगाड़े, पोस्टर और बैनर नजर आ रहे हैं. यूथ कांग्रेस के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद हैं. पिछले कई दिनों से कांग्रेस के प्रदर्शन को रोके जाने के बाद आज राजघाट तक काफिला पहुंचा है. मौके पर विपक्षी दलों के नेताओं के पहुंचने को लेकर भी तैयारियां दिखाई दे रही हैं.
4:42 PM: राजघाट के मेन गेट पर कांग्रेस नेताओं के पहुंचने को लेकर तैयारियां दिखाई दे रही हैं. ग्राउंड पर मौजूद संवाददाता सुशांत मेहरा ने बताया कि दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कुछ नेताओं को राजघाट के अंदर जाने की इजाजत दी जा सकती है. राहुल गांधी का काफिला भी राजघाट के मेन गेट की तरफ बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है. राहुल गांधी के साथ कई अन्य नेताओं के भी अंदर जाने की संभावना बताई गई है.
4:37 PM: विपक्षी सांसदों का काफिला राजघट पहुंच गया है. मौके पर जमकर नारेबाजी हो रही है.
4:19 PM: राजघट की ओर विपक्षी सांसदों का काफिला बढ़ रहा है.
4:09 PM: बस में विपक्षी सांसद में टीएमसी के सांसद अभिषेक बनर्जी और एसपी के सांसद राजीव राय भी नजर आए.
4:05 PM: रामलीला मैदान के रास्ते पर BNS की धारा के तहत अनाउंसमेंट की जा रही है कि बड़ी संख्या में लोग एकत्रित नहीं हो सकते. इसी तरह की अनाउंसमेंट कनॉट प्लेस में भी सुनाई दी थी.
3:49 PM: विरोध मार्च को देखते हुए चुनाव आयोग के कार्यालय के आसपास हाई अलर्ट घोषित किया गया है. पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर दंगा नियंत्रण वाहन और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों को तैनात किया गया है.
3:45 PM: राहुल गांधी बस में नजर आ रहे हैं और उनके पीछे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद हैं. काफिला दीन दयाल उपाध्याय मार्ग और बीजेपी कार्यालय की ओर से होते हुए राजघाट की तरफ बढ़ रहा है. बस में केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा, प्रणव झा, प्रणति शिंदे, श्रीनिवास समेत कई नेता और सांसद मौजूद हैं. इंडिया ब्लॉक के भी कई सांसद काफिले में शामिल हैं.
3:40 PM: कांग्रेस का काफिला अब राजघाट की ओर बढ़ रहा है. मौके पर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद हैं. यूथ कांग्रेस के दिल्ली अध्यक्ष ने बताया कि आज राजघाट की तरफ कूच करेंगे.
ग्राउंड पर मौजूद संवाददाता मौसमी सिंह ने बताया कि राहुल गांधी के ग्राउंड पर उतरने के बाद यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में भी एक अलग उत्साह नजर आ रहा है. एक वक्त था जब यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता और वर्कर्स नजर नहीं आते थे और पिछले एक-दो महीने में कई मीटिंग हुई हैं. यूथ कांग्रेस और अन्य युवा फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन में बदलाव और अलग उत्साह नजर आ रहा है.
3:35 PM: राजघट पर पुलिसबल की भारी तैनाती है.

3:33 PM: मल्लिकार्जुन खड़गे ने लंच के बाद बताया कि INDIA गठबंधन के सभी सांसद गांधी स्मारक जाएंगे और वहां धरना देंगे. उन्होंने कहा कि वे वहां शांतिपूर्वक बैठकर प्रार्थना करेंगे कि बीजेपी सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को सद्बुद्धि मिले.
खड़गे ने आरोप लगाया कि सरकार जो कर रही है, वह देश के हित में नहीं है. उन्होंने “वोट चोरी” के मुद्दे, देश में बढ़ती महंगाई और युवाओं की समस्याओं का भी जिक्र किया.
3:25 PM: राजघाट जाते हुए राहुल गांधी ने पत्रकारों से कहा, 'राज्यसभा और लोकसभा के 300 MP शांतिपूर्ण प्रोटेस्ट करने जा रहे हैं. हमारे लोगों को मारा कल. असलियत है अमित शाह, मोदी और भागवत ने क्रिमिनल कॉन्सपिरेसी करके हिंदुस्तान को हाईजैक किया है, वोट चोरी की है, डेमोक्रेसी खत्म की है.'
3:15 PM: विपक्षी सांसद कनॉट प्लेस में लंच करने के बाद बसों में बैठ गए हैं. आज सांसद राजघाट पर धरना दे सकते हैं.
2:40 PM: दिल्ली में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर विपक्ष का रुख नहीं बदला है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ INDIA ब्लॉक की मांग नहीं, बल्कि पूरे देश की मांग है. पवन खेड़ा ने कहा कि INDIA ब्लॉक इसी मांग को लेकर सड़कों पर है और जहां भी उन्हें रोका जाएगा, वहां प्रदर्शन किया जाएगा.
2:10 PM: विपक्षी सांसद कनॉट प्लेस पहुंच गए हैं. समाजवादी पार्टी के सांसद राजवी राय ने बताया कि इसके बाद वह राजघाट जाने वाले हैं. इसके साथ ही उन्होंने साफ किया कि वह बुधवार को प्रोटेस्ट में शामिल नहीं हो सके क्योंकि वह बीमार थे और अस्पताल में भर्ती थे.
2:08 PM: राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे विपक्षी सांसदों की दूसरी लंच बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली के कनॉट प्लेस पहुंचे.
आज फिर लंच
खड़गे के आज के निमंत्रण में लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के सभी सांसदों को शामिल होने के लिए कहा गया था. लंच दोपहर 1:45 बजे कनॉट प्लेस के K-14, आउटर सर्किल स्थित मोएट्स में रखा गया है. खड़गे ने अपने निमंत्रण में सभी सांसदों से लंच में शामिल होने का अनुरोध किया.
दिलचस्प बात यह है कि लंच के लिए लगातार दूसरे दिन कनॉट प्लेस को ही चुना गया है. कनॉट प्लेस का इलाका जंतर-मंतर और चुनाव आयोग के दफ्तर के करीब है.
यह भी पढ़ें: राहुल-प्रियंका पर FIR, प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की के आरोप
कल क्या हुआ था?
7 अक्टूबर को खड़गे ने विपक्षी सांसदों के लिए लंच का आयोजन किया था. इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और विपक्ष के कई अन्य सांसद चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर की ओर बढ़े थे. पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था. करीब दो घंटे बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत हिरासत में लिए गए नेताओं को रिहा कर दिया गया.
इस प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं के खिलाफ FIR भी दर्ज की गई है. पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान धक्का-मुक्की समेत कई आरोप लगाए हैं.
परसों क्या हुआ था?
परसों यानि छह अक्टूबर को भी राजधानी दिल्ली में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर बवाल मचा. परसों राहुल गांधी जंतर-मंतर की ओर बढ़े थे, जहां पुलिस ने उन्हें रोक दिया था. इसके बाद विपक्षी सांसदों ने विरोध दर्ज कराया. फिर सांसदों ने आकाशवाणी भवन के एक गेट से दाखिल कर दूसरी ओर निकल गए. दूसरी सड़क पर निकलकर फिर सांसदों ने प्रदर्शन किया.