scorecardresearch
 
Advertisement

CJP प्रोटेस्ट: दिल्ली में आज रात से कई इलाकों में इंटरनेट बंद, पुलिस ने बॉर्डर किए सील

अमित भारद्वाज | नई दिल्ली | 09 अक्टूबर 2026, 11:44 PM IST

Delhi Protest: दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से पहले सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. पुलिस ने देर से मिले आवेदन और पुराने प्रदर्शनों में कथित उल्लंघन का हवाला देकर जंतर-मंतर पर अनुमति नहीं दी. नई दिल्ली इलाके में BNSS की धारा 163 लागू है. पुलिस ने 57 मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद करने का अनुरोध किया था, जिस पर DMRC ने मुहर लगा दी है. रेलवे के 5,000 से ज्यादा यात्री ट्रेन नहीं पकड़ सके और कुछ ट्रेनें रद्द हुईं. विपक्षी नेता राष्ट्रपति से मिलने की तैयारी में हैं और चिल्ला बॉर्डर पर BSF तैनात है.

दिल्ली में प्रदर्शन से पहले सुरक्षा कड़ी कर दी गई है (Photo: PTI) दिल्ली में प्रदर्शन से पहले सुरक्षा कड़ी कर दी गई है (Photo: PTI)

दिल्ली में 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन प्रस्तावित है और इससे पहले राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति देने से मना कर दिया है. पुलिस ने 57 मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद करने का अनुरोध किया था, जिसे DMRC ने स्वीकार कर दिया है. रेलवे के 5,000 से ज्यादा यात्री अपनी ट्रेन नहीं पकड़ सके और चिल्ला बॉर्डर पर BSF तैनात है. दूसरी ओर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेता चुनाव आयोग के खिलाफ सक्रिय हैं और राष्ट्रपति से मिलने की तैयारी में हैं.

अनुमति क्यों नहीं मिली? पुलिस के मुताबिक CJP का आवेदन 7 अक्टूबर को मिला, जबकि कार्यक्रम 10 अक्टूबर को होना है. यानी आवेदन देने की तय समयसीमा का पालन नहीं हुआ. पुलिस ने पहले हुए प्रदर्शनों में नियमों के कथित उल्लंघन को भी फैसले की वजह बताया है. नई दिल्ली इलाके में BNSS की धारा 163 लागू है. पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) को पत्र लिखा है. इसमें 57 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद करने का अनुरोध किया गया था. DMRC ने पुलिस के अनुरोध को स्वीकार कर लिया है.

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक रास्तों पर लगी पाबंदियों की वजह से 5,000 से ज्यादा यात्री अपनी ट्रेन नहीं पकड़ पाए. नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन आने वाली कुछ ट्रेनें रद्द होने की जानकारी भी सामने आई है.

राजनीतिक हलचल भी तेज है. इंडिया गठबंधन के नेता चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध और आगे की रणनीति तय करने में लगे हैं. विपक्षी दलों के 10 से ज्यादा नेता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने की तैयारी में हैं. इनमें राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, ममता बनर्जी और तेजस्वी यादव समेत कुछ नेताओं के नाम सामने आए हैं.

चिल्ला बॉर्डर पर दिल्ली और नोएडा पुलिस के साथ BSF के जवान तैनात किए गए हैं. रात 9 बजे से बॉर्डर सील करने की तैयारी की जानकारी भी मिली है.

8:28 PM (3 घंटे पहले)

दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

Posted by :- Rahul Chauhan

दिल्ली में 10 अक्टूबर को कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए यातायात प्रभावित रहने की आशंका है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, सुबह 6 बजे से हालात के अनुसार अलग-अलग जगहों पर वाहनों का मार्ग बदला जा सकता है. इनमें धौलाकुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पंचकुइयां, मंडी हाउस, मिंटो रोड, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग, कनॉट प्लेस, लोधी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद, सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग चौराहा, भीकाजी कामा प्लेस, मोती बाग फ्लाईओवर, जंतर-मंतर रोड, विंडसर प्लेस, रेल भवन, संसद मार्ग, पटेल चौक और आरएमएल अस्पताल समेत 30 प्रमुख चौराहों और सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है. पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले यातायात की स्थिति की जानकारी लें और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें.

7:03 PM (4 घंटे पहले)

4KM एरिया में इंटरनेट सेवाएं बंद

Posted by :- Rahul Chauhan

नई दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं. गृह मंत्रालय ने जनपथ-कर्तव्य पथ क्रॉसिंग के 4 किलोमीटर के आसपास 9 अक्टूबर रात 10 बजे से 10 अक्टूबर रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवाएं निलंबित रखने की मंजूरी दी है. इस दौरान मोबाइल इंटरनेट की सभी तकनीकों पर रोक लागू रहेगी. दिल्ली पुलिस ने एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया, जियो और एमटीएनएल को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. यह आदेश दूरसंचार अधिनियम, 2023 और दूरसंचार सेवा निलंबन नियम, 2024 के तहत जारी किया गया है.

6:52 PM (5 घंटे पहले)

10 बजे जंतर-मंतर पहुंचें: CJP

Posted by :- Rahul Chauhan

कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रदर्शनकारियों से शनिवार सुबह 10 बजे दिल्ली के जंतर-मंतर पर जुटने की अपील की है. संगठन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने की तैयारी में है. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है.

6:41 PM (5 घंटे पहले)

करोल बाग में कल टू-व्हीलर स्पेयर पार्ट्स मार्केट बंद रहेगा

Posted by :- Anurag

दिल्ली में करोल बाग का टू-व्हीलर स्पेयर पार्ट्स बाजार कल बंद रहेगा.

Advertisement
6:41 PM (5 घंटे पहले)

सेंट्रल हॉल में INDIA गठबंधन के सांसदों की बैठक शुरू

Posted by :- Anurag

सेंट्रल हॉल में INDIA गठबंधन के सांसदों की बैठक शुरू हो गई है.

6:35 PM (5 घंटे पहले)

दिल्ली में सुरक्षा के चलते स्कूलों की क्लास ऑनलाइन, परीक्षाएं भी टलीं

Posted by :- Anurag

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था और मेट्रो सेवाओं पर पाबंदियों की आशंका का असर स्कूलों और कॉलेजों पर भी दिखने लगा है. कई शिक्षण संस्थानों ने 10 अक्टूबर को होने वाली परीक्षाएं टाल दी हैं. कुछ स्कूलों ने कक्षाएं ऑनलाइन करने, पैरेंट्स-टीचर मीटिंग (PTM) का समय बदलने और दूसरी गतिविधियां रद्द करने का फैसला किया है.

6:32 PM (5 घंटे पहले)

दिल्ली में अघोषित इमरजेंसी, सरकार डरी हुई है: वेणुगोपाल

Posted by :- Anurag

कांग्रेस महासचिव (संगठन) और सांसद केसी वेणुगोपाल ने दिल्ली में विरोध प्रदर्शन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में अघोषित इमरजेंसी लागू है और सरकार पूरी तरह डरी हुई है. वेणुगोपाल ने कहा कि सरकार तानाशाही तरीके से काम कर रही है. उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस अपना आंदोलन जारी रखेगी.

6:30 PM (5 घंटे पहले)

CJP प्रदर्शन से पहले ट्रेनें रद्द, पटना जंक्शन पर भीड़

Posted by :- Anurag

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली जाने वाली कुछ ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं. इसके बाद पटना जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ जुट गई. ट्रेनें रद्द होने से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

 

6:26 PM (5 घंटे पहले)

अभिजीत दिपके का मोदी सरकार पर हमला, बोले- शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी नहीं होने दे रही सरकार

Posted by :- Anurag

अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार तय जगह पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति देने के बजाय पूरी राजधानी को बंद करने और लाखों लोगों को परेशानी में डालने को तैयार है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के इस फैसले से कितने लोगों की जिंदगी प्रभावित होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है.

 

Advertisement
6:20 PM (5 घंटे पहले)

दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलेंगे विपक्षी सांसद, राहुल गांधी संसद पहुंचे

Posted by :- Anurag

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी संसद पहुंच गए हैं. विपक्षी सांसद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने वाले हैं. इस मुलाकात में विपक्षी सांसद भारतीय चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर अपनी चिंताएं राष्ट्रपति के सामने रखेंगे.

 

6:15 PM (5 घंटे पहले)

दिल्ली: भागीरथ पैलेस और चांदनी चौक मार्केट भी कल बंद रहेंगे

Posted by :- Anurag

दिल्ली में कनॉट प्लेस के बाद अब भागीरथ पैलेस और चांदनी चौक मार्केट ने भी कल बंद रखने का ऐलान किया है.

6:11 PM (5 घंटे पहले)

ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी बैठक में पहुंचे

Posted by :- Anurag

ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी बैठक में शामिल होने के लिए पहुंच गए हैं. ममता बनर्जी सेंट्रल हॉल के अंदर मौजूद हैं.

5:54 PM (6 घंटे पहले)

CJP आंदोलन के आह्वान से पहले गाजीपुर बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी, दिल्ली पुलिस के साथ पैरामिलिट्री तैनात

Posted by :- Anurag

त्योहारों और CJP आंदोलन के आह्वान को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. गाजीपुर बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस के साथ पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात हैं और वाहनों पर नजर रखी जा रही है. पूर्वी जिले की एडिशनल DCP सृष्टि पांडे ने बॉर्डर पहुंचकर इंतजामों का जायजा लिया और अधिकारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए. उनके मुताबिक आम लोगों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है. पुलिस चौबीसों घंटे निगरानी की तैयारी में है और जरूरत पड़ने पर वाहनों की जांच होगी. जांच के दायरे या किसी रास्ते पर पाबंदी का ब्योरा नहीं दिया गया है.

इनपुट: राजेश खत्री

5:47 PM (6 घंटे पहले)

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले पिंकी चौधरी ने समर्थकों को बुलाया

Posted by :- Anurag

जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को CJP के प्रदर्शन से पहले हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने डंडे दिखाते हुए एक वीडियो जारी किया है. उन्होंने हिंदू रक्षा दल के समर्थकों से दिल्ली पहुंचने की अपील की है.

Advertisement
5:45 PM (6 घंटे पहले)

कनॉट प्लेस में कल दुकानें-ऑफिस बंद रहेंगी

Posted by :- Anurag

दिल्ली के कनॉट प्लेस में 10 अक्टूबर को दुकानें, ऑफिस और रेस्तरां बंद रखने की सलाह दी गई है. नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) के अध्यक्ष अतुल भार्गव ने एडवाइजरी जारी कर प्रतिष्ठानों के मालिकों से एहतियात के तौर पर बंद रखने और सतर्क रहने की अपील की है. सर्कुलर में यह सलाह प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर दी गई है.

5:10 PM (6 घंटे पहले)

CJP Delhi Protest: CJP प्रदर्शन के आह्वान से पहले गाजीपुर बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी, पुलिस और पैरामिलिट्री तैनात

Posted by :- Anurag

त्योहारों और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के आह्वान को देखते हुए दिल्ली-यूपी गाजीपुर बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. यहां दिल्ली पुलिस, उत्तर प्रदेश पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात हैं. बॉर्डर से गुजरने वाले वाहनों पर निगरानी रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार जांच की जाएगी. पूर्वी जिले की एडिशनल DCP सृष्टि पांडे ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. पुलिस के मुताबिक, बॉर्डर पर 24 घंटे निगरानी रखने की तैयारी है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके.

इनपुट: अमरजीत कुमार

4:43 PM (7 घंटे पहले)

CJP Protest Delhi दिल्ली में CJP के प्रदर्शन से पहले पुलिस मुख्यालय में बड़ी बैठक

Posted by :- Anurag

दिल्ली में 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के ऐलान को देखते हुए दिल्ली पुलिस के बड़े अधिकारियों ने पुलिस मुख्यालय में बैठक की. इसमें वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए. बैठक में प्रदर्शन से पहले कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की जा रही है. इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट की हालिया टिप्पणियों पर भी चर्चा होगी.

4:15 PM (7 घंटे पहले)

CJP Protest News: दिल्ली में सिर्फ 2 रेलवे स्टेशनों पर असर, 38 ट्रेनें रद्द

Posted by :- Anurag

दिल्ली में 10 अक्टूबर को ट्रैफिक जाम की आशंका के चलते सिर्फ नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन आने वाली 38 ट्रेनें रद्द की गई हैं. रेलवे के मुताबिक, इन दोनों स्टेशनों के अलावा किसी दूसरे रेलवे स्टेशन पर इसका असर नहीं पड़ेगा. बाकी स्टेशनों पर ट्रेनों की आवाजाही सामान्य रहेगी.

 

4:14 PM (7 घंटे पहले)

CJP Delhi Protest Live: CJP का केंद्र सरकार पर हमला, कहा- शांतिपूर्ण प्रदर्शन से भी डर रही सरकार

Posted by :- Anurag

CJP ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा है. CJP ने आरोप लगाया कि सरकार शांतिपूर्ण प्रदर्शन से इतनी डरी हुई है कि ऐसे कदम उठा रही है, जो आपातकाल के दौरान भी नहीं उठाए गए थे. CJP ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लोगों की आवाजाही रोकने जैसे कदम उठाए हैं. 

 

Advertisement
3:58 PM (7 घंटे पहले)

CJP Delhi News: दिल्ली प्रदर्शन से पहले सुप्रीम कोर्ट का निर्देश, मेट्रो सेवाओं पर पूरी रोक नहीं

Posted by :- Anurag

सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि 10 अक्टूबर के प्रदर्शन को देखते हुए मेट्रो सेवाएं पूरी तरह बंद नहीं की जा सकतीं. मेट्रो और दूसरी ट्रेनें कुछ जरूरी पाबंदियों के साथ चलती रहनी चाहिए. कोर्ट ने अधिकारियों से यह भी कहा है कि इस फैसले की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि यात्रियों को परेशानी न हो. पूरी खबर को यहां क्लिक कर पढ़ें - 'आप पूरा ट्रांसपोर्ट बंद नहीं कर सकते, आवाजाही न रुके', पाबंदियों पर सरकार को SC के निर्देश

3:10 PM (8 घंटे पहले)

दिल्ली में कॉकरोचों को पुलिस से प्रदर्शन करने की इजाजत नहीं मिली

Posted by :- Anurag

दिल्ली में प्रदर्शन की इजाजत नहीं... CJP अड़ी! प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस सतर्क. देखिए रिपोर्ट

 

2:58 PM (8 घंटे पहले)

मेट्रो-ट्रेनें बंद करने पर सुप्रीम कोर्ट सख्त

Posted by :- Anurag

दिल्ली में प्रदर्शन के चलते मेट्रो स्टेशन और ट्रेनें बंद किए जाने पर सुप्रीम कोर्ट ने गंभीर चिंता जताई है. चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि सुरक्षा के इंतजाम करना सरकार का हक है, पर पूरा परिवहन बंद नहीं हो सकता. सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि हालात सामान्य होने तक स्टेशन एहतियातन बंद हैं और सरकार निगरानी करेगी. कोर्ट ने बंद स्टेशनों की संख्या घटाने की बात कही.

याचिकाकर्ताओं ने बताया कि मेट्रो स्टेशन बंद हैं. वकील ने कहा कि पुलिस के संयुक्त आयुक्त (परिवहन) के निर्देश सार्वजनिक हैं, देखिए कितने स्टेशन बंद हैं.

सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि याचिकाकर्ताओं से आयोजकों को लाने को कहा गया था, ताकि कोर्ट प्रदर्शन की रूपरेखा जान सके. कपिल सिब्बल ने कहा कि वे आयोजक नहीं हैं. चीफ जस्टिस ने कहा कि आयोजकों के बिना बंदी पर चिंता और गहरी है, क्योंकि नोएडा, गुरुग्राम से लोग नौकरी और पढ़ाई के लिए आते हैं, और सबको मजबूरी में कार लेनी पड़ेगी.

सिब्बल ने कहा कि मुख्य स्टेशनों पर 11 से 1 के बीच आने वाली ट्रेनें शुरुआती स्टेशन से ही रद्द हैं. कोर्ट ने जारी संदेश पढ़ा, जिसमें बेकाबू भीड़ के संवेदनशील इलाकों की ओर जाने की आशंका बताकर फेरे घटाने और स्टेशनों के प्रवेश व निकास बंद करने की बात है. जस्टिस बागची ने कहा कि फेरे घटाकर फिर स्टेशन बंद करना उनके लिए मुश्किल है.

चीफ जस्टिस ने पूछा कि सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन भी बंद हुआ तो कोर्ट के काम का क्या होगा. वकीलों के पास गाड़ियां हैं, पर क्लर्क, स्टाफ और कैंटीन कर्मचारी कैसे आएंगे. उन्होंने कहा कि बेकाबू भीड़ या असामाजिक तत्वों का डर है तो सीसीटीवी जैसे दूसरे उपाय हो सकते हैं.

सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि स्थिति के हिसाब से फैसला होगा और वे सरकार से बात करेंगे. वकील हरिहरन ने कहा कि हर तरफ बैरिकेडिंग है और सड़कें भी रोकी गई हैं. चीफ जस्टिस ने कहा कि कोर्ट का जाना माना सिद्धांत है कि पाबंदी उतनी ही हो जितनी जरूरी है.

मेहता ने कहा कि यह न छपे कि कोर्ट ने सरकार पर हथौड़ा चलाने की बात कही, कुछ लोग बाहर जाकर ऐसा कहेंगे. चीफ जस्टिस ने कहा कि एहतियातन सरकार फैसले ले सकती है, कानून व्यवस्था उसका काम है, पर बच्चे और बुजुर्ग सफर करते हैं, आवाजाही न रुके.

इनपुट: अनीषा माथुर और संजय शर्मा

2:47 PM (9 घंटे पहले)

दिल्ली में आज रात 9 बजे से 57 मेट्रो स्टेशन बंद, DMRC ने जारी किया आदेश

Posted by :- Anurag

दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने 57 मेट्रो स्टेशनों को आज रात 9 बजे से बंद करने का फैसला लिया है. DMRC के मुताबिक, अगले आदेश तक इन स्टेशनों पर पाबंदियां जारी रहेंगी.

इस फैसले का असर दिल्ली मेट्रो की कई लाइनों पर पड़ेगा. रेड लाइन के 9, येलो लाइन के 20, ब्लू लाइन के 8, वायलेट लाइन के 7, पिंक लाइन के 8 और मैजेंटा लाइन के 4 स्टेशन बंद रहेंगे. इसके अलावा शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन भी बंद रहेगा.

किस लाइन पर कितने स्टेशन बंद रहेंगे?

* रेड लाइन: 9 स्टेशन
* येलो लाइन: 20 स्टेशन
* ब्लू लाइन: 8 स्टेशन
* वायलेट लाइन: 7 स्टेशन
* पिंक लाइन: 8 स्टेशन
* मैजेंटा लाइन: 4 स्टेशन
* शिवाजी स्टेडियम स्टेशन: बंद रहेगा

2:42 PM (9 घंटे पहले)

दिल्ली: CJP के प्रदर्शन से पहले पुलिस की तैयारी, बैरिकेड्स को जंजीरों से जोड़ा

Posted by :- Anurag

दिल्ली में 10 अक्टूबर को CJP के प्रदर्शन के आह्वान को देखते हुए संसद मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है. पुलिस ने कई बैरिकेड्स को लंबी जंजीरों से आपस में बांध दिया है, ताकि उन्हें एक साथ रखा जा सके.

 

Advertisement
2:38 PM (9 घंटे पहले)

'डियर सिटीजन, हम भी इंसान...', CJP प्रोटेस्ट से पहले जनता के नाम दिल्ली पुलिस का खुला खत

Posted by :- Anurag

दिल्ली पुलिस ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित सीजेपी प्रदर्शन को लेकर नागरिकों को एक खुला खत जारी किया है, जिसमें उन्होंने इंसानियत और सुरक्षा के महत्व पर जोर दिया है. पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें - दिल्ली पुलिस का खत

2:33 PM (9 घंटे पहले)

गुरुग्राम बॉर्डर पर पुलिस की नाकेबंदी

Posted by :- Anurag

जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली-NCR में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. गुरुग्राम में दिल्ली से सटे बॉर्डर, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर पुलिस बल तैनात किया गया है. NH-48 के सहरौल बॉर्डर, पालम विहार, द्वारका बॉर्डर और कलियावास बॉर्डर पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, करीब 12 से 13 शरारती तत्वों की पहचान कर उन पर नजर रखी जा रही है. प्रशासन ने शिक्षण संस्थानों से भी संपर्क कर छात्रों को गैर-कानूनी प्रदर्शनों में शामिल नहीं होने की सलाह दी है.

2:23 PM (9 घंटे पहले)

CJP प्रदर्शन से पहले रेलवे का बड़ा फैसला, प्रयागराज-कानपुर से दिल्ली जाने वाली कई ट्रेनें रद्द

Posted by :- Anurag

दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित CJP प्रदर्शन से पहले रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है. उत्तर मध्य रेलवे के मुताबिक, नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन के आसपास सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक भारी ट्रैफिक जाम की आशंका के चलते यह कदम उठाया गया है. रद्द की गई ट्रेनों में प्रयागराज एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, श्रम शक्ति एक्सप्रेस और यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस शामिल हैं. कुछ ट्रेनें 9 अक्टूबर और कुछ 10 अक्टूबर को रद्द रहेंगी. रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले हेल्पलाइन 139, NTES ऐप या आधिकारिक सूचना माध्यमों से ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है. 

ट्रेन नंबर

ट्रेन का नाम

रद्द होने की तारीख

12033

कानपुर सेंट्रल–नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस

10 अक्टूबर

12417

प्रयागराज–नई दिल्ली प्रयागराज एक्सप्रेस

9 अक्टूबर

12275

प्रयागराज–नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस

9 अक्टूबर

12451

कानपुर सेंट्रल–नई दिल्ली श्रम शक्ति एक्सप्रेस

9 अक्टूबर

12447

मानिकपुर–हजरत निजामुद्दीन यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस

9 अक्टूबर

14211

आगरा कैंट–नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस

10 अक्टूबर

64151

अलीगढ़–दिल्ली मेमू

9 अक्टूबर

64107

दनकौर–दिल्ली ईएमयू

9 अक्टूबर

64113

खुर्जा–गाजियाबाद ईएमयू

9 अक्टूबर

64101

अलीगढ़–दिल्ली ईएमयू

10 अक्टूबर

64111

खुर्जा–शकूरबस्ती ईएमयू

10 अक्टूबर

64581

हाथरस किला–दिल्ली मेमू

10 अक्टूबर

64103

अलीगढ़–दिल्ली ईएमयू

10 अक्टूबर

64583

टुंडला–दिल्ली मेमू

10 अक्टूबर

64105

अलीगढ़–नई दिल्ली ईएमयू

10 अक्टूबर

64109

दनकौर–शकूरबस्ती ईएमयू

10 अक्टूबर

2:21 PM (9 घंटे पहले)

दिल्ली में प्रदर्शन को लेकर क्या है बाजारों का हाल?

Posted by :- Anurag

पिछले कई दिनों से विपक्ष का प्रदर्शन जारी है, प्रदर्शन के चलते दिल्ली के बाजारों पर इसका खासा असर देखने को मिल रहा है...प्रदर्शन के बीच दिल्ली के बाजारों का हाल, ग्राहक घटे या कारोबार पर पड़ा असर?

संवाददाता सुशांत मेहरा ने व्यापारियों से की खास बात और जाना हाल.

 

2:16 PM (9 घंटे पहले)

दिल्ली मेट्रो के गेट बंद होने पर अपडेट

Posted by :- Anurag

दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों से DMRC को 57 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद करने का अनुरोध किया है. यह व्यवस्था 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से 10 अक्टूबर को हालात सामान्य होने तक लागू करने का प्रस्ताव है. DMRC के फैसले, प्रभावित स्टेशनों और मेट्रो सेवाओं से जुड़े ताजा अपडेट यहां जानें - दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशन आज रात से होंगे बंद? CJP प्रोटेस्ट से पहले सरकार अलर्ट
 

Advertisement
2:14 PM (9 घंटे पहले)

पटना: SIR के खिलाफ पांच चरणों में प्रदर्शन करेगी कांग्रेस

Posted by :- Anurag

बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि पार्टी की समीक्षा बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि कैसे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सरकार को फायदा पहुंचाते हुए लोगों के संवैधानिक अधिकार छीने. राजेश राम के मुताबिक, दिल्ली में हुई बैठक में SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ पांच अलग-अलग चरणों में प्रदर्शन करने का फैसला लिया गया है. उन्होंने कहा कि समीक्षा बैठक में SIR से जुड़े मुद्दों और इसके खिलाफ आगे की रणनीति पर चर्चा की गई.

 

2:12 PM (9 घंटे पहले)

इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन और नेताओं के कार्यक्रम

Posted by :- Anurag

दिल्ली में इंडिया गठबंधन के नेताओं की गतिविधियों पर सबकी नजर है. चुनाव आयोग के खिलाफ पिछले दिनों हुए प्रदर्शनों के बाद कांग्रेस के अगले कदम को लेकर हलचल तेज है. इंडिया गठबंधन के 10 से अधिक नेताओं का प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर सकता है. राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, ममता बनर्जी और तेजस्वी यादव समेत कई नेताओं के नाम सामने आए हैं. मुलाकात का एजेंडा, प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेताओं के नाम और बैठक से जुड़ी जानकारी के लिए यहां बने रहें. 
 

2:07 PM (9 घंटे पहले)

CJP प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस का अपडेट

Posted by :- Anurag

दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित CJP प्रदर्शन को लेकर पुलिस अलर्ट पर है. जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है और पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त इंतजाम किए हैं.

2:01 PM (9 घंटे पहले)

दिल्ली में 10 अक्टूबर को 38 ट्रेनें रद्द, नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर असर

Posted by :- Anurag

दिल्ली में 10 अक्टूबर को संभावित ट्रैफिक जाम को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है. नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन आने वाली 38 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं. इन दोनों स्टेशनों के लिए आने वाली कुल 165 ट्रेनों में से 38 ट्रेनें रद्द की गई हैं. रेलवे के आदेश के मुताबिक, 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से चलने वाली उन सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया है, जिन्हें 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचना था. रेलवे ने यह फैसला 10 अक्टूबर को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास भारी ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए लिया है.

Advertisement
Advertisement