scorecardresearch
 
Advertisement

'दिपके, रांका और सौरभ कहां है...', अरविंद केजरीवाल का प्रधानमंत्री मोदी से सवाल

aajtak.in | नई दिल्ली | 10 अक्टूबर 2026, 11:30 PM IST

दिल्ली में CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर रविवार सुबह 10 बजे फिर जंतर-मंतर कूच करने का ऐलान किया है. शनिवार को प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने कई जगह सुरक्षा बढ़ाई, बैरिकेडिंग की और वाहनों की जांच की.

दिल्ली में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है (Photo: PTI) दिल्ली में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है (Photo: PTI)

दिल्ली में 10 अक्टूबर को CJP के प्रदर्शन के दौरान हुई कार्रवाई के बाद रविवार को फिर प्रदर्शन होने की आशंका है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर CJP ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है. संगठन के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे ने बताया कि रविवार सुबह 10 बजे फिर जंतर-मंतर कूच किया जाएगा. इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस अलर्ट है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है.

शनिवार को प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था और कई जगह बैरिकेडिंग की गई थी. मंडी हाउस, सुप्रीम कोर्ट और ITO मेट्रो स्टेशन के आसपास भी पुलिस तैनात रही. गाजीपुर, टिकरी, चिल्ला और अप्सरा बॉर्डर पर वाहनों की जांच की गई. लोनी गोल चक्कर, अप्सरा बॉर्डर और धौला कुआं के पास भी गाड़ियों की सघन चेकिंग हुई. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास ड्रोन से निगरानी की गई, जबकि मध्य दिल्ली में RAF के जवान तैनात रहे.

प्रदर्शन के दौरान कनॉट प्लेस में कई जगह लोगों ने जुटने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें हटाकर हिरासत में लिया. सुबह करीब 9:21 बजे तक कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर के आसपास से लगभग 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया था. बाद में यह संख्या बढ़ी. पुलिस ने बॉडी कैमरे लगाए और लोगों से कानून का पालन करने तथा भीड़ नहीं जुटाने की अपील की. मिंटो ब्रिज से जंतर-मंतर जाने की कोशिश कर रहे AISF, SFI और CPI-M के कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया.

10:19 PM (एक घंटा पहले)

दिल्ली मेट्रो को लेकर राहत की खबर

Posted by :- Akash

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सर्विस अपडेट जारी करते हुए बताया कि दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट अब खोल दिए गए हैं. इसके साथ ही संबंधित सभी मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध है.

10:09 PM (एक घंटा पहले)

अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को लेकर सवाल

Posted by :- Akash

आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास के बारे में सवाल किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पूछा कि ये तीनों कहां हैं और पुलिस ने उन्हें कहां रखा है. केजरीवाल ने लिखा, 'प्रधानमंत्री जी, अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास कहां हैं? आपने पुलिस के जरिए उन्हें कहां रखा है? देश जानना चाहता है.'

9:51 PM (2 घंटे पहले)

कल खुलेंगी दुकानें

Posted by :- Akash

नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने ऐलान किया है कि कनॉट प्लेस के बाजार कल यानी 11 अक्टूबर को खुलेंगे. एसोसिएशन ने आज दिनभर कनॉट प्लेस और उसके आसपास जारी प्रदर्शन और संवेदनशील स्थिति को देखते हुए व्यापारियों से सतर्क रहने की अपील की है. NDTA ने अपने सदस्यों से बाजार दोबारा खोलते समय सावधानी बरतने और सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने को कहा है.

9:12 PM (2 घंटे पहले)

सभी प्रदर्शनकारियों को छोड़ा गया

Posted by :- Akash

दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने करीब 3 हजार लोगों को हिरासत में लिया था. इन सभी को दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत हिरासत में लिया गया था. हालांकि, शाम को पुलिस ने सभी को छोड़ दिया.

Advertisement
8:50 PM (3 घंटे पहले)

CJP का दावा, अभिजीत दिपके समेत 3 लोगों का 10 घंटे से पता नहीं 

Posted by :- Akash

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर दावा किया है कि दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को हिरासत में लिया है और 10 घंटे बीतने के बाद भी उनके बारे में कोई जानकारी नहीं है. CJP ने कहा कि तीनों से उसका संपर्क नहीं हो पा रहा है और उनके ठिकाने का भी पता नहीं है. पार्टी ने सवाल उठाया कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें कहां रखा है और इस तरह किसी को ले जाना कैसे स्वीकार किया जा सकता है. CJP ने अपनी पोस्ट में इसे ‘इमरजेंसी’ बताते हुए दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं.

8:17 PM (3 घंटे पहले)

सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

Posted by :- Akash

दिल्ली में पाबंदियों और हिरासत के आरोपों पर सुप्रीम कोर्ट में रविवार को सुनवाई होगी. इस मामले में दाखिल अवमानना याचिका पर सुप्रीम कोर्ट की विशेष पीठ सुनवाई करेगी.

8:00 PM (3 घंटे पहले)

 नेहा बोरा को रिहा किया गया

Posted by :- Akash

 नेहा बोरा को भी हिरासत से रिहा कर दिया गया है. उनके साथ हिरासत में ली गई अन्य महिला प्रदर्शनकारियों को भी मैदानगढ़ी पुलिस स्टेशन से छोड़ दिया गया है.

7:51 PM (4 घंटे पहले)

आपकी जेलें कम पड़ जाएंगी- अरविंद केजरीवाल

Posted by :- Akash

आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी के नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत से रिहा कर दिया है. केजरीवाल को लोधी एस्टेट से हिरासत में लिया गया था और जाफरपुर कलां पुलिस स्टेशन में रखा गया था. अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह और दुर्गेश पाठक को CJP के विरोध प्रदर्शन के आह्वान के समर्थन में मार्च निकालने की कोशिश के दौरान हिरासत में लिया गया था. रिहाई के बाद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कहा, 'मोदी जी, आपकी जेलें कम पड़ जाएंगी. देश के युवाओं से उलझने की हिम्मत मत करना. ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा लो और वोट चोरी बंद करो.'

7:31 PM (4 घंटे पहले)

अभिजीत दिपके के कार्यक्रम में जाना चाहती थीं ममता बनर्जी

Posted by :- Anurag

हिरासत से रिहा होने के बाद पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि उन्हें गैर-कानूनी तरीके से हिरासत में लिया गया और अपराधियों जैसा व्यवहार किया गया. उन्होंने कहा कि वह जंतर-मंतर जाना चाहती थीं. अभिजीत दिपके ने उन्हें कई बार अपने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलाया था, लेकिन पहले उन्हें वहां जाने का मौका नहीं मिला था. ममता बनर्जी ने कहा कि इस बार जब वह दिल्ली आईं, तो उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने का फैसला किया. उन्होंने बताया कि INDIA गठबंधन का भी एक कार्यक्रम था. 

Advertisement
7:22 PM (4 घंटे पहले)

रिहा हुए हिरासत में लिए गए नेता

Posted by :- Akash

दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ली गईं पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को थाने से रिहा कर दिया गया. वहीं, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने हिरासत से रिहा होने के बाद दिल्ली पुलिस पर निशाना साधा. उन्होंने पुलिस के व्यवहार को एक पुलिस बल के लिए अनुचित बताया. पिनराई विजयन ने कहा कि उन्हें लोकतंत्र से इनकार किए जाने के खिलाफ हुए प्रदर्शन का हिस्सा बनने पर गर्व है.

7:20 PM (4 घंटे पहले)

विवार को फिर से जंतर-मंतर कूच - CJP का ऐलान

Posted by :- Akash

शनिवार को CJP की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें अजिंक्य शिंदे ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के बिना प्रदर्शन खत्म नहीं होगा. उन्होंने बताया कि रविवार को CJP एक बार फिर जंतर-मंतर कूच करेगी.

6:55 PM (5 घंटे पहले)

धरना-प्रदर्शन को लेकर नई एडवाइजरी जारी की है

Posted by :- Akash

पटना जिला प्रशासन ने धरना-प्रदर्शन को लेकर नई एडवाइजरी जारी की है. इसके तहत सभी संगठनों और लोगों को अपनी मांगों के लिए गर्दनीबाग स्थित निर्धारित धरना स्थल पर ही प्रदर्शन करना होगा. प्रशासन के मुताबिक, बिना अनुमति अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन से यातायात बाधित होता है और आम लोगों को परेशानी होती है. निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

6:43 PM (5 घंटे पहले)

एमजे लाइब्रेरी के पास GenZ ने विरोध प्रदर्शन किया

Posted by :- Akash

अहमदाबाद के एलिसब्रिज में एमजे लाइब्रेरी के पास GenZ ने विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर विरोध जताया. प्रदर्शन को देखते हुए पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया. इस दौरान पुलिस ने विरोध प्रदर्शन करने पहुंचीं महिलाओं समेत प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया.

6:14 PM (5 घंटे पहले)

रेखा गुप्ता का राहुल गांधी और केजरीवाल पर हमला, CJP को बताया B-Team

Posted by :- Anurag

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की ओर से नकारे जा चुके राहुल गांधी और केजरीवाल अपनी B-Team CJP के साथ मिलकर दिल्ली को अखाड़ा बनाने की कोशिश कर रहे हैं.

Advertisement
6:13 PM (5 घंटे पहले)

दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशन रात 10 बजे तक बंद

Posted by :- Anurag

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने बताया है कि सुरक्षा कारणों से शुक्रवार रात 9 बजे से बंद किए गए 45 मेट्रो स्टेशन आज, 10 अक्टूबर को रात 10 बजे तक बंद रहेंगे. DMRC के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियां स्थिति की समीक्षा करेंगी. इसके बाद जरूरत के अनुसार आगे का अपडेट जारी किया जाएगा.

6:05 PM (5 घंटे पहले)

CJP का दावा, राष्ट्रीय प्रवक्ता सिद्धांत भारद्वाज हिरासत में

Posted by :- Anurag

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दावा किया है कि उसके राष्ट्रीय प्रवक्ता सिद्धांत भारद्वाज और उनकी टीम को प्रदर्शन करने के दौरान हिरासत में ले लिया गया. CJP ने दिल्ली पुलिस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पुलिस उन सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, जो देश के लिए आवाज उठा रहे हैं.

 

 

5:59 PM (5 घंटे पहले)

मुंबई में अभिनेता इमरान खान हिरासत में लिए गए

Posted by :- Anurag

मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान से अभिनेता इमरान खान को हिरासत में लिया गया है. यह जगह CJP के प्रदर्शन के समर्थन में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन का केंद्र थी.

 

5:58 PM (5 घंटे पहले)

साकेत कोर्ट ने रत्ना सिंह की अर्जी खारिज की, पुलिस ने शाम को छोड़ा

Posted by :- Anurag

दिल्ली की साकेत कोर्ट ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की लीगल अफेयर्स हेड रत्ना सिंह की अर्जी खारिज कर दी है. रत्ना सिंह की ओर से यह अर्जी उनके घर पर कथित तौर पर हिरासत में लिए जाने को लेकर पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग के साथ दाखिल की गई थी.

अर्जी में उन्हें तुरंत रिहा करने का निर्देश देने की मांग भी की गई थी. हालांकि, पुलिस ने उन्हें शाम को ही रिहा कर दिया. इसके बाद कोर्ट ने अर्जी खारिज कर दी.

5:23 PM (6 घंटे पहले)

सोनम वांगचुक को सरकार का अल्टीमेटम

Posted by :- Anurag

सोनम वांगचुक ने दिल्ली में CJP प्रोटेस्ट के दौरान नेताओं की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने भारत को अघोषित आपातकाल की स्थिति में बताया और कहा कि उन्होंने एक दिन पहले शांति और एकजुटता की अपील की थी. आंदोलन का नेतृत्व करने वाले कई नेता आगे आए थे, लेकिन अब सभी गिरफ्तार हो चुके हैं. पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें - 'कल तक रिहा नहीं किया तो अनशन करूंगा...', प्रदर्शनकारियों को लेकर सोनम वांगचुक का सरकार को अल्टीमेटम
 

Advertisement
5:05 PM (6 घंटे पहले)

बस का गेट खोल भागते दिखे डिटेन किए हुए प्रदर्शनकारी

Posted by :- Anurag

दिल्ली में पुलिस की सख्ती के बावजूद सेंट्रल दिल्ली में प्रदर्शनकारी जुटे. जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया. बसों की मदद से उन्हें डिटेंशन सेंटर ले जाया गया. इस बीच एक वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें नजर आ रहा है कि युवक बस के खुली गेट से उतर रहे हैं. तीन-चार युवक तो उतर गए. लेकिन, बाद में फिर पुलिस ने गेट बंद किया.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Aaj Tak (@aajtak)

 

4:58 PM (6 घंटे पहले)

'मोदी, शाह और भागवत इस कहानी के खलनायक!', राहुल गांधी का तीखा हमला

Posted by :- Anurag

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, RSS और बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि वह एक दशक से भी ज्यादा समय से नरेंद्र मोदी और RSS के खिलाफ लड़ रहे हैं और अपने विरोधियों को अच्छी तरह समझते हैं. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि इन नेताओं की सबसे बड़ी पहचान कायरता है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, RSS प्रमुख मोहन भागवत, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का नाम लेते हुए कहा कि ये लोग धीरे-धीरे घिरते जा रहे हैं.

राहुल गांधी ने कहा कि सरकार चाहे तो 10 हजार, 20 हजार या 50 हजार पुलिसकर्मियों को बुला सकती है. सभी नेताओं और युवाओं को गिरफ्तार कर सकती है, लेकिन वे पीछे हटने वाले नहीं हैं. उन्होंने कहा, “हम आपको चारों तरफ से घेर रहे हैं और पीछे हटने वाले नहीं हैं. हमें जो जानकारी चाहिए, वह हमारे पास पहले से है.”

 

4:46 PM (7 घंटे पहले)

बेंगलुरु में चुनाव आयोग के दफ्तर का घेराव करने जा रहे प्रदर्शनकारी हिरासत में

Posted by :- Anurag

बेंगलुरु में शनिवार को चुनाव आयोग के दफ्तर का घेराव करने जा रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. प्रदर्शनकारी केआर सर्किल के पास स्थित चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे. यह प्रदर्शन AISA, SFI, AIDSO और AISF ने संयुक्त रूप से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ आयोजित किया था. प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की. पुलिस की कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारियों में नाराजगी फैल गई. उन्होंने इस मामले में कर्नाटक सरकार से हस्तक्षेप करने की भी मांग की.

बेंगलुरु में चुनाव आयोग के दफ्तर जा रहे प्रदर्शनकारी हिरासत में (Photo: PTI)
4:43 PM (7 घंटे पहले)

दिल्ली में प्रोटेस्ट के बीच कौन-कौन से रास्ते खुले?

Posted by :- Anurag

दिल्ली में प्रदर्शन के बीच कई रास्तों को खोल दिया गया है. इससे लोगों को थोड़ी राहत मिली है. सड़कें बंद होने की वजह से यातायात सुबह से प्रभावित था. कहां-कहां रास्ते खुले हैं, यहां क्लिक कर पढ़ें - दिल्ली में प्रोटेस्ट के बीच कौन-कौन से रास्ते खुले, यहां पढ़ें ट्रैफिक अपडेट
 

4:29 PM (7 घंटे पहले)

प्रियंका गांधी का दावा है कि भारत में लोकतंत्र नहीं बचा है

Posted by :- Anurag

प्रियंका गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, 'भारत में अब लोकतंत्र नहीं बचा.

 

Advertisement
4:25 PM (7 घंटे पहले)

CJP की अपील, जंतर-मंतर की ओर मार्च करें प्रदर्शनकारी

Posted by :- Anurag

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने लोगों से जंतर-मंतर की ओर मार्च करने की अपील की है. पार्टी ने कहा कि अगर दिल्ली पुलिस प्रदर्शनकारियों को रास्ते में रोकती है, तो वे जहां रोके जाएंगे, वही जगह उनका जंतर-मंतर बन जाएगी.

 

4:22 PM (7 घंटे पहले)

CJP Protest News: रविशंकर प्रसाद का विपक्ष पर हमला, बोले- देश संसद से चलेगा, सड़क से नहीं

Posted by :- Anurag

दिल्ली में बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने पिछले कुछ दिनों से जारी विरोध प्रदर्शनों को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आज की घटनाओं और पिछले तीन दिनों के घटनाक्रम से दो बातें साफ हो गई हैं. पहली, भारतीय लोकतंत्र ने अराजकता फैलाने की कोशिशों को नाकाम कर दिया है. दूसरी, देश संसद से चलेगा, सड़कों से नहीं.

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कल आए चुनाव नतीजों में बीजेपी ने असम और नंदीग्राम में जीत हासिल की. पुडुचेरी में भी बीजेपी को जीत मिली. उन्होंने कहा कि दिल्ली और देश के दूसरे हिस्सों में विरोध प्रदर्शन जारी रहने के बीच ये चुनाव हुए.

बीजेपी सांसद ने दावा किया कि बंगाल, असम और पुडुचेरी में पार्टी का प्रदर्शन ऐसे समय में आया, जब दिल्ली में अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही थी. उन्होंने कहा कि बीजेपी विरोध प्रदर्शन के खिलाफ नहीं है, लेकिन विपक्ष ने चुनाव में हार के बाद सड़कों पर प्रदर्शन को हथियार बना लिया है.

 

4:06 PM (7 घंटे पहले)

CJP का दावा, अभिजीत दीपके समेत 3 लोगों को अज्ञात जगह ले जाया गया

Posted by :- Anurag

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दावा किया है कि अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लेकर किसी अज्ञात जगह पर ले जाया गया है. पार्टी के मुताबिक, तीनों के परिवारों को इसकी जानकारी नहीं दी गई है.

CJP ने यह भी दावा किया कि तीनों को अलग-अलग जगहों पर रखा गया है. पार्टी का कहना है कि उनके ठिकाने की जानकारी नहीं है और उन्हें वकील से भी संपर्क नहीं करने दिया जा रहा है.

पार्टी ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर इमरजेंसी घोषित ही क्यों नहीं कर दी जाती.

 

4:04 PM (7 घंटे पहले)

अभिजीत दिपके पर एकनाथ शिंदे क्या बोले?

Posted by :- Anurag

प्रदर्शन, राजनीति और अभिजीत दिपके पर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे क्या बोले? वीडियो में देखें.

 

3:53 PM (8 घंटे पहले)

दिल्ली हाट को आज के लिए बंद किया गया

Posted by :- Anurag

दिल्ली में सुरक्षा कारणों के चलते दिल्ली हाट को आज के लिए बंद कर दिया गया है. INA-दिल्ली हाट के पास AISA और अन्य संगठनों के सदस्यों के प्रदर्शन के बाद यह फैसला लिया गया.

Advertisement
3:50 PM (8 घंटे पहले)

CJP Protest Live News: सुप्रिया सुले ने ममता बनर्जी की गिरफ्तारी की निंदा की, शांतिपूर्ण प्रदर्शन को बताया संवैधानिक अधिकार

Posted by :- Anurag

NCP सांसद सुप्रिया सुले ने ममता बनर्जी और उनके साथियों की गिरफ्तारी को लेकर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई की निंदा की है. उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी और उनके साथियों को गिरफ्तार कर पुलिस वैन से किसी अज्ञात जगह पर ले जाया गया.

सुप्रिया सुले ने मुंबई में सामाजिक कार्यकर्ता तुषार गांधी की गिरफ्तारी और अभिजीत दीपके समेत CJP प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने पर भी चिंता जताई.

उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है. असहमति की आवाज दबाने और नागरिकों के अधिकारों का उल्लंघन करने के लिए पुलिस कार्रवाई का इस्तेमाल करना स्वीकार नहीं किया जा सकता.

3:48 PM (8 घंटे पहले)

एम्स से सफदरजंग मकबरे तक यातायात सामान्य

Posted by :- Anurag

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, एम्स से सफदरजंग मकबरे तक अरबिंदो मार्ग पर ट्रैफिक सामान्य हो गया है.
 

3:40 PM (8 घंटे पहले)

ममता बनर्जी को पुलिस बस में बैठाकर लेते जाते दिखी

Posted by :- Anurag

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, उनके साथ पार्टी नेता डोला सेन को पुलिस हिरासत में ली हुई है. उन्हें बस में बैठाकर लेकर जाया जा रहा है.

 

3:35 PM (8 घंटे पहले)

कनॉट प्लेस में दुकानें बंद

Posted by :- Anurag

दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके में प्रदर्शन की वजह से दुकानें बंद नजर आईं. सुरक्षाबलों की भारी संख्या पूरे इलाके में है. सुरक्षा के लिहाज से ही कल ही दुकानें बंद करने की एडवाइजरी जारी की थी.

 

3:16 PM (8 घंटे पहले)

पुलिस ने दिपके को दिया दादी के अंतिम संस्कार में जाने का विकल्प

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

सामने आया है कि दिल्ली में हिरासत में लिए गए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने उनकी दादी के निधन की जानकारी दी है. दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, अब यह फैसला अभिजीत दीपके को करना है कि वह हिरासत में रहते हुए प्रदर्शन जारी रखना चाहते हैं या अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए विमान से वापस लौटना चाहते हैं.

 

Advertisement
3:06 PM (8 घंटे पहले)

CJP Protest: संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज, दुर्गेश पाठक को भी हिरासत में लिया गया

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

दिल्ली पुलिस ने जंतर मंतर की ओर जा रहे आप नेताओं पर कार्रवाई की है. पुलिस ने अरविंद केजरीवाल समेत चार नेताओं को हिरासत में लिया है.
 


 

3:00 PM (8 घंटे पहले)

अरविंद केजरीवाल, सौरभ भारद्वाज को पुलिस ने हिरासत में लिया

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

सीजेपी प्रोटेस्ट के लिए निकले आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है. अरविंद केजरीवाल कुछ देर पहले ही घर से निकले थे. उन्हें मौके पर पहुंचने से पहले ही हिरासत में ले लिया गया. इस दौरान आप समर्थकों और पुलिस के बीच खींचतान होती भी दिखी. अरविंद केजरीवाल के साथ आप नेता सौरभ भारद्वाज भी हिरासत में लिए गए हैं.

Input- अमित भारद्वाज

2:49 PM (9 घंटे पहले)

ये मोदी बनाम मीर जाफर की लड़ाई है- संबित पात्रा

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

दिल्ली में स्टारलिंक को लेकर विपक्षी नेताओं के ट्वीट पर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यह लड़ाई मोदी बनाम मीर जाफर की है. पात्रा ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता सत्ता हासिल करने के लिए देश को भी गिरवी रख सकते हैं.
संबित पात्रा ने कहा, 'यह मोदी बनाम मीर जाफर की लड़ाई है. ये ऐसे लोग हैं, जो सत्ता के लिए देश को भी गिरवी रख सकते हैं. सड़कों पर अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है. देश को यह जानना चाहिए कि ये लोग बिना चुनाव जीते और बिना चुनाव लड़े सत्ता में आना चाहते हैं.'
उन्होंने आगे कहा, 'ये लोग बिना मेहनत किए प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं, भले ही इसके लिए देश को गिरवी क्यों न रखना पड़े. मीर जाफर दोहरा रवैया अपनाने के लिए तैयार है. यह मोदी बनाम मीर जाफर की लड़ाई है.'

 

2:45 PM (9 घंटे पहले)

अभिजीत दिपके की दादी का निधन

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

अभिजीत दिपके की दादी सावित्रीबाई शंकर दिपके का लंबी बीमारी के कारण शनिवार को निधन हो गया. उनकी उम्र लगभग 80 वर्ष थी. उन्होंने महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के संतुक पिंपरी गांव में अंतिम सांस ली. अभिजीत दिपके फिलहाल दिल्ली पुलिस हिरासत में है.

अभिजीत दिपके मूल रूप से छत्रपति संभाजीनगर के निवासी हैं. हिंगोली जिले का संतुक पिंपरी उनका पैतृक गांव है, जहां उनके दादा-दादी रहते थे. सावित्रीबाई के निधन से दिपके परिवार और गांव में शोक का माहौल है.
जानकारी के मुताबिक, अभिजीत के माता-पिता छत्रपति संभाजीनगर स्थित अपने आवास 'शंकर सदन' से संतुक पिंपरी गांव के लिए रवाना होने की तैयारी कर रहे हैं.

2:44 PM (9 घंटे पहले)

CJP Protest: प्रदर्शन के दौरान पथराव, पुलिसकर्मी घायल

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आह्वान पर हो रहे प्रदर्शन के बीच पथराव की घटना सामने आई है. कनॉट प्लेस इलाके में पथराव के दौरान एक पुलिस अधिकारी घायल हो गया. प्रदर्शन को लेकर इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.

 

Advertisement
2:43 PM (9 घंटे पहले)

मुंह पर बैंड-एड लगाए नजर आईं ममता बनर्जी

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

ममता बनर्जी को भी हिरासत में लिया गया है. वह टीएमसी नेताओं के साथ जंतर मंतर पर प्रदर्शन के लिए पहुंची थी. इस दौरान उनका अनोखा अंदाज नजर आय़ा. वह मुंह पर बैंड-एड लगाए नजर आईं. उन्हें हिरासत में ले लिया गया है.

ममता बनर्जी
1:49 PM (10 घंटे पहले)

Delhi CJP Protest: जंतर मंतर पर लेफ्ट का प्रदर्शन

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

जंतर मंतर के पास अब SFI-लेफ्ट के प्रदर्शनकारी प्रदर्शन कर रहे हैं. पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है.

 

1:28 PM (10 घंटे पहले)

बीजेपी मुख्यालय के पास AISA का विरोध प्रदर्शन

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय के पास ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और वामपंथी दलों के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.

वहीं, दूसरी ओर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार से जुड़े मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी आज यानी शनिवार (10 अक्टूबर) को दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है.

 

1:26 PM (10 घंटे पहले)

'जो लोग खुद को क़ॉकरोच बोलते हैं...', बोले- सीएम हिमंता बिस्वा सरमा

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

असम के मुख्यमंत्री ​हिमंत बिस्वा सरमा ने दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी और विपक्ष के द्वारा किए जा रहे हैं आंदोलन को तामाशा बताते हुए कहा है कि विपक्ष फ्रस्ट्रेटेड हैं, उसके सामने कोई विकल्प नहीं हैं, लोगों में उनका सम्मान नहीं हैं, तब विपक्ष ऐसा तमाशा करता हैं, इसको तमाशा बोलते हैं, इसका कोई फर्क नहीं पड़ेगा, जनता मोदी जी के साथ है, जनता बीजेपी के साथ है, जनता विकास के साथ है, अगर जनता कांग्रेस का साथ होती, तो कांग्रेस चुनाव जीतती मगर कांग्रेस चुनाव हारने के बाद सरकार को ब्लैकमेल करने की कोशिश करती है, असम के मुख्यमंत्री आज हरिद्वार में श्री नारायण शिला मंदिर में पितृ विसर्जन या अमावस्या पर पूजन करने के लिए आए थे और इस दौरान मीडिया से बात कर रहे थे.

1:01 PM (10 घंटे पहले)

CJP Delhi Protest: पुलिस के पहरे में जंतर-मंतर

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

जंतर मंतर पर सीजेपी के बुलाए गए प्रदर्शन को लेकर पुलिस प्रशासन पहले से ही अलर्ट पर था, लिहाजा किसी भी प्रदर्शनकारी को जंतर मंतर पर जुटने नहीं दिया गया है. पुलिस ने करीब 400 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है. जंतर मंतर पर पुलिस का पहरा है. मौके से सामने आए एक विजुअल में जंतर मंतर पर पसरा सन्नाटा नजर आ रहा है.

जंतर मंतर पर पुलिस का पहरा
Advertisement
12:57 PM (10 घंटे पहले)

CJP प्रोटेस्ट: पुलिस पर पत्थरबाजी! 50 प्रोटेस्टर्स हिरासत में

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के बीच नई दिल्ली इलाके में PTI बिल्डिंग के पास पुलिस पर पथराव की घटना सामने आई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, करीब 50 प्रदर्शनकारी यहां पहुंचे थे. आरोप है कि इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर फेंके, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए.

जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने सभी 50 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया है. यह घटना करीब आधे घंटे पहले की बताई जा रही है. हालांकि, घटना को लेकर पुलिस का विस्तृत आधिकारिक बयान अभी सामने नहीं आया है.

Input- अरविंद ओझा

12:55 PM (11 घंटे पहले)

दिल्ली पुलिस ने क्यों नहीं दी CJP को प्रदर्शन की इजाजत?

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की इजाजत नहीं देने के पीछे तीन मुख्य वजहें बताई हैं. पहली, प्रदर्शन की जानकारी देर से देना. दूसरी, पहले के प्रदर्शनों में तय शर्तों का पालन नहीं करना. तीसरी, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं. पुलिस का कहना है कि CJP की ओर से 7 अक्टूबर को जानकारी दी गई थी. जबकि प्रदर्शन 10 अक्टूबर को होना था. यानी पुलिस को तैयारी के लिए सिर्फ तीन दिन मिले.

 

12:38 PM (11 घंटे पहले)

'ऐसे कार्रवाई कौन करता है...', दिपके की मां का बयान

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके को शनिवार को विमान से ही हिरासत में ले लिया गया है. दिपके की मां ने पुलिस की इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई है. उन्होंने साफ कहा है कि सरकार ने यह अच्छा नहीं किया. उन्होंने सवाल किया कि देश के लिए काम करने वाले बच्चों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई कौन करता है. 
 

11:09 AM (12 घंटे पहले)

CJP ने अभिजीत दिपके को हिरासत में लिए जाने की निंदा की

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दावा किया है कि उसके संस्थापक अभिजीत दीपके समेत तीन नेताओं को दिल्ली पहुंचते ही हिरासत में ले लिया गया है. पार्टी के मुताबिक, अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को शनिवार को विमान से दिल्ली पहुंचने के बाद दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया.

CJP ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे सत्तावादी कदम बताया है. पार्टी ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने पहले से तय योजना के तहत उसके नेताओं को एयरपोर्ट पर ही रोक लिया, ताकि वे प्रदर्शन स्थल तक न पहुंच सकें और शांतिपूर्ण प्रदर्शन का नेतृत्व न कर सकें.

पार्टी ने इसे आवाजाही की स्वतंत्रता का खुला उल्लंघन बताते हुए अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका की तत्काल और बिना शर्त रिहाई की मांग की है.

11:07 AM (12 घंटे पहले)

अभिजित दिपके की फ्लाइट में पहुंची पुलिस, आशुतोष रांका और सौरव दास भी हिरासत में

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

CJP फाउंडर अभिजीत दिपके की फ्लाइट जैसे ही लैंड हुई. तुरंत ही दिल्ली पुलिस के अफसर फ्लाइट के भीतर ही पहुंच गए. उन्हें देखते ही तीनों सीजेपी नेता समझ गए कि अधिकारी उन्हें डिटेन करने आए हैं. पुलिस और सीजेपी लीडर्स के बीच बातचीत हुई और इसके बाद तीनों को हिरासत में ले लिया गया.

 

Advertisement
10:40 AM (13 घंटे पहले)

देश में एक बेहद खतरनाक और गंभीर स्थिति पैदा करने की कोशिश - नितिन नवीन

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विपक्षी इंडिया गठबंधन और CJP पर तीखा हमला बोला है. दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि देश में बेहद खतरनाक और गंभीर स्थिति पैदा करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने राहुल गांधी और CJP पर देश को अस्थिर करने की साजिश रचने का आरोप लगाया. नितिन नवीन ने यह भी दावा किया कि ये सब विदेशी ताकतों के इशारे पर किया जा रहा है.
नितिन नवीन ने कहा, 'आज देश में एक बेहद खतरनाक और गंभीर स्थिति पैदा करने की कोशिश की जा रही है. जिस देश में 140 करोड़ लोग शांति और सद्भाव के साथ रह रहे हैं और मिलकर भारत के विकास में योगदान दे रहे हैं, उस देश को अस्थिर करने के प्रयास हो रहे हैं.'

10:39 AM (13 घंटे पहले)

मंडी हाउस से जंतर-मंतर जाने वाले सभी रास्ते बंद

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

मंडी हाउस गोल चक्कर पर भी पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. यहां से जंतर-मंतर की ओर जाने वाली सभी प्रमुख सड़कों और गलियों को बंद कर दिया गया है. केवल उन्हीं लोगों को आगे जाने दिया जा रहा है, जिनके पास वहां जाने का उचित कारण और वैध पहचान पत्र है. फिरोजशाह रोड, बाराखंबा रोड और कनॉट प्लेस तथा जंतर-मंतर की ओर जाने वाले अन्य रास्तों पर भी आवाजाही रोक दी गई है.

10:38 AM (13 घंटे पहले)

कनॉट प्लेस में DCP सचिन शर्मा ने निकाला मार्च, संदिग्ध प्रदर्शनकारी हिरासत में

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

कनॉट प्लेस इलाके में डीसीपी सचिन शर्मा ने पुलिस बल के साथ मार्च किया. जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए जुट रहे लोगों को पुलिस हिरासत में ले रही है. संदिग्ध प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया जा रहा है.
ITO और मंडी हाउस से सामने आए दृश्यों में पुलिस की सख्त चेकिंग, बैरिकेडिंग और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने की कार्रवाई देखी जा सकती है.

10:37 AM (13 घंटे पहले)

ITO पर भीषण ट्रैफिक जाम, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा कर्मी मुस्तैद

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. मध्य दिल्ली में प्रवेश करने वाले रास्तों पर पुलिस वाहनों की सघन जांच कर रही है. ITO और मंडी हाउस इलाके में कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई है. इसके चलते ITO पर भीषण ट्रैफिक जाम लग गया है. वहीं, मंडी हाउस से जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों को पूरी तरह बंद कर दिया गया है.

मध्य दिल्ली में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों की गहन जांच की जा रही है. जांच के बाद ही लोगों को आगे जाने की अनुमति दी जा रही है. सरकारी कर्मचारियों को भी अपना पहचान पत्र दिखाने के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है.
ITO इलाके में कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई है, जिसके चलते सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है.

Input- पीयूष मिश्रा

10:34 AM (13 घंटे पहले)

छत्रसाल स्टेडियम बना डिटेंशन सेंटर

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम को डिटेंशन सेंटर बना दिया गया है, जहाँ अलग-अलग जगहों से हिरासत में लिए गए लोगों को लाया जा रहा है. पहले भी आंदोलन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को यहां लाकर रखा गया था. स्टेडियम में भारी पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और पुलिस के आला अधिकारी तैनात हैं. यह सबसे बड़ा डिटेंशन सेंटर माना जा रहा है, जिसमें मुख्य आरोपियों को रखा जाता है. अभी तक दो गाड़ियाँ हिरासत में लिए लोगों को यहां लाकर पहुंच चुकी हैं और यह सिलसिला जारी है.

Report- हर्षित मिश्रा

Advertisement
10:32 AM (13 घंटे पहले)

अपने माता-पिता के पास आए थे ध्रुव राठी, वहीं से लिए गए हिरासत में

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ध्रुव राठी को गुरुग्राम के सेक्टर 56, केंद्रीय विहार इलाके से हिरासत में लिया गया है. दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अपने माता-पिता के पास आया है, जो हाल ही में दुबई से लौटे थे. दिल्ली पुलिस ने ये जानकारी गुड़गांव पुलिस के साथ साझा की, जिसके बाद संयुक्त टीम ने देर रात रेड कर उसे हिरासत में लिया.

Report- नीरज वशिष्ठ

10:30 AM (13 घंटे पहले)

IGI एयरपोर्ट पर अभिजीत दिपके पहुंचे

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

अभिजीत दिपके IGI एयरपोर्ट पर पहुंच चुके हैं. उन्होंने सुबह ही मुंबई से फ्लाइट ली थी. दिपके ने ही 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया था. इससे पहले ध्रुव राठी को हिरासत में लिया गया है. सीजेपी की लीगल टीम हेड रत्ना को भी हिरासत में लिया गया. 

10:04 AM (13 घंटे पहले)

गुरुग्राम पुलिस की हिरासत में ध्रुव राठी

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम में हिरासत में लिया गया है. सुबह 8 बजे पुलिस ने यह कार्रवाई की है. हालांकि, उन्हें हिरासत में लेने की वजह और मामले से जुड़ी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है. गुरुवार को ध्रुव राठी बेंगलुरु में एसआईआर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में पहुंचे थे. बता दें, शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से पहले पुलिस ने यह कार्रवाई की है. गौरतलब है कि शुक्रवार को ध्रुव राठी ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था. उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए लोगों से जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी.

पूरी खबर यहां पढ़ें- यूट्यूबर ध्रुव राठी को हिरासत में लिया गया, गुरुग्राम में पुलिस का बड़ा एक्शन

8:50 AM (15 घंटे पहले)

'प्रदर्शन में शामिल होने आ रहे लोगों को रोककर समझाया जा रहा'

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

दक्षिणी दिल्ली में सुरक्षा इंतजामों को लेकर डीसीपी ने बताया कि सीमाओं पर जांच काफी सख्त कर दी गई है. जिन संगठनों ने प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया है, उनके सदस्यों की पहचान कर उन्हें रोकने और समझाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस आम जनता से भी सहयोग की अपील कर रही है. दिल्ली में किसी भी अनधिकृत जमावड़े या अप्रिय घटना को रोकने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है.

8:49 AM (15 घंटे पहले)

दक्षिणी जिले समेत पूरी दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम- डीसीपी अनंत मित्तल

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि प्रदर्शन के आह्वान को देखते हुए दक्षिणी जिले समेत पूरी दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. अंतरराज्यीय और अंतर-जिला सीमाओं पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है. पुलिस जांच के जरिए अनधिकृत लोगों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोक रही है.
डीसीपी अनंत मित्तल ने कहा, 'हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आज का दिन शांतिपूर्ण तरीके से गुजरे. विभिन्न सीमाओं पर करीब 12 पुलिस पिकेट बनाए गए हैं. इसके अलावा जिले के भीतर भी कई जगह पुलिस पिकेट लगाए गए हैं और बाहरी पुलिस चौकियों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है.'

Advertisement
8:47 AM (15 घंटे पहले)

होटल ली मेरिडियन के पास पिंक फोर्स, RAF और CRPF तैनात

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

दिल्ली के होटल ली मेरिडियन के पास स्थित गोल चक्कर पर भारी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है. यहां दिल्ली पुलिस के जवानों के अलावा दिल्ली पुलिस की पिंक फोर्स, रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान भी तैनात हैं.

8:34 AM (15 घंटे पहले)

CJP Protest: जंतर-मंतर पर पहुंचे प्रदर्शनकारी, पुलिस का एक्शन

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए जुटने लगे कुछ प्रदर्शनकारियों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.

 

8:29 AM (15 घंटे पहले)

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ड्रोन से निगरानी

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. रेलवे स्टेशन पर दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों की तैनाती की गई है. सुरक्षाकर्मी स्टेशन परिसर में मार्च कर रहे हैं. इसके अलावा ड्रोन के जरिए भी पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है.

8:20 AM (15 घंटे पहले)

बॉडी कैमरे लगाकर प्रदर्शन के बीच तैनात होंगे दिल्ली पुलिस के जवान

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

दिल्ली पुलिस के जवानों की वर्दी पर बॉडी कैमरे लगाए गए हैं. इन कैमरों की खासियत यह है कि ये अंधेरे में भी काम करते हैं और घटनाओं को रिकॉर्ड कर सकते हैं. दिल्ली पुलिस के एक जवान ने बताया, 'ये बॉडी कैमरे हमारी और दूसरों की सुरक्षा के लिए हैं. धक्का-मुक्की या हाथापाई जैसी स्थिति में दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाए जाते हैं. ऐसे में इन कैमरों की रिकॉर्डिंग से यह स्पष्ट हो सकेगा कि हमने किसी के साथ कुछ किया है या नहीं. ये कैमरे हर गतिविधि को रिकॉर्ड करेंगे.'

8:19 AM (15 घंटे पहले)

लोकतंत्र में विरोध का अधिकार, लेकिन कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की इजाजत नहीं- दिलीप घोष

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर ट्रेनों के रद्द होने और सुरक्षा प्रतिबंधों के बीच बीजेपी नेता दिलीप घोष ने प्रतिक्रिया दी है. कोलकाता में उन्होंने कहा कि दिल्ली में अशांति पैदा करने की कोशिशों से आम जनता को परेशानी हो सकती है. इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने पहले से इंतजाम किए हैं.

दिलीप घोष ने कहा, 'सरकार ने पहले से व्यवस्था की है, ताकि दिल्ली के निवासियों समेत आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और बाहर से आने वाले लोग कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा न कर सकें.'
उन्होंने आगे कहा, 'भारत एक लोकतांत्रिक देश है और यहां हर किसी को विरोध प्रदर्शन के जरिए अपनी बात रखने का अधिकार है. किसी को भी प्रदर्शन करने से नहीं रोका गया है. हालांकि, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिशों को रोकना जरूरी है.'

Advertisement
8:18 AM (15 घंटे पहले)

आशुतोष रांका ने Insta पर लिखा- See you in a few hours, Delhi!

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट को लेकर सीजेपी फाउंडर अभिजीत दिपके मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हो चुके है. वहीं इसी बीच आशुतोष रांका ने Insta पर एक फोटो पोस्ट की है औऱ लिखा है कि 'कुछ घंटों में दिल्ली में मिलते हैं.'

 

8:08 AM (15 घंटे पहले)

25 हजार पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. दिल्ली में करीब 25 हजार पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती की गई है. प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली की सीमाओं, रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. इसके अलावा 45 मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास को लेकर प्रतिबंध लगाए गए हैं.

8:08 AM (15 घंटे पहले)

CJP Protest: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में शामिल होने के लिए मुंबई से दिल्ली रवाना हुए CJP संस्थापक अभिजीत दीपके

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए मुंबई से रवाना हो गए हैं. दीपके मुंबई के फोर सीजन्स होटल से मुंबई एयरपोर्ट के लिए निकले. CJP के एक पदाधिकारी के मुताबिक, उनके सुबह 10 बजे तक दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है.

7:14 AM (16 घंटे पहले)

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

सीजेपी के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. कानून व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आज, यानी 10 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है.
 

दिल्ली में कई रास्तों पर डायवर्जन
7:12 AM (16 घंटे पहले)

शुक्रवार शाम को कई रास्तों पर रहा भारी जाम

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के चलते शुक्रवार शाम कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया था. दिल्ली से नोएडा जाने वाले कालिंदी कुंज मार्ग पर लंबा जाम देखने को मिला. सरिता विहार से कालिंदी कुंज के बीच वाहन रेंगते नजर आए. वहीं, दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर भी गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई थी. सरहौल बॉर्डर पर हजारों वाहन जाम में फंसे रहे, जिससे दिल्ली जाने वाले और नौकरी से घर जा रहे लोगों का परेशानी का सामना करना पड़ा.

Advertisement
7:12 AM (16 घंटे पहले)

Delhi CJP Protest: इन रास्तों पर आज डायवर्जन

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

शनिवार सुबह 6:00 बजे से 30 प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्जन और पाबंदियां लागू रह सकती हैं. इनमें शंकर रोड गोल चक्कर (वंदे मातरम् 'टी' पॉइंट से नई दिल्ली की ओर), धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान गोल चक्कर, पंचकुइयां गोल चक्कर समेत कई इलाके शामिल हैं. ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि नई दिल्ली और मध्य दिल्ली से होकर रेलवे स्टेशनों, अंतरराज्यीय बस अड्डों (ISBT) या एयरपोर्ट की ओर जाने वाले यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अतिरिक्त समय लेकर निकलें, ताकि किसी तरह की देरी से बचा जा सके.

7:11 AM (16 घंटे पहले)

CJP Delhi Protest: 'यातायात और आम लोगों का रास्ता न रोकें...', संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पर अनाउंसमेंट

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

CJP Delhi Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज होने वाले प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. इस बीच संसद मार्ग पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन को लेकर अनाउंसमेंट किए जा रहे हैं.

 

7:06 AM (16 घंटे पहले)

CJP Protest: संसद मार्ग इलाके में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

संभावित प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और संसद मार्ग इलाके में भारी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है. इसके साथ ही दोनों इलाकों में बैरिकेडिंग भी की गई है.

 

7:03 AM (16 घंटे पहले)

CJP Protest Delhi: अप्सरा बॉर्डर पर भी सुरक्षा बल की तैनाती

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

CJP Protest Delhi: दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज होने वाले प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली के अप्सरा बॉर्डर पर भारी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है.

 

7:01 AM (16 घंटे पहले)

CJP Protest: टिकरी बॉर्डर पर बढ़ाई गई चौकसी

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज होने वाले प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली के टिकरी बॉर्डर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
 

 

Advertisement
7:00 AM (16 घंटे पहले)

Delhi CJP Protest: CJP के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस अलर्ट, गाजीपुर बॉर्डर पर लगाए गए बैरिकेड्स

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

Delhi CJP Protest:दिल्ली में जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है. प्रदर्शन से पहले राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. इसके साथ ही दिल्ली के पूर्वी हिस्से में स्थित गाजीपुर बॉर्डर पर भी बैरिकेड्स लगाए गए हैं.

CJP प्रोटेस्ट को देखते हुए गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस बैरिकेडिंग की गई है
Advertisement
Advertisement