scorecardresearch
 

राहुल-प्रियंका धरने के लिए जंतर-मंतर नहीं जा पाए, पुलिस ने दो घंटे हिरासत में रखकर छोड़ा

दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर जा रहे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्ष के कई सांसदों को पुलिस ने हिरासत में लिया था, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया. प्रदर्शन से पहले INDIA ब्लॉक के सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा बुलाई गई बैठक में जुटे थे.

Advertisement
X
राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्ष के कई सांसदों ने जमकर प्रदर्शन किया (Photo: PTI)
राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्ष के कई सांसदों ने जमकर प्रदर्शन किया (Photo: PTI)

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर जा रहे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और INDIA ब्लॉक के कई विपक्षी सांसदों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया. पुलिस ने BNS की धारा 163 लागू होने और प्रदर्शन की अनुमति को लेकर नेताओं को रोका. 

राहुल गांधी को बाराखंबा थाने ले जाया गया, जबकि अन्य नेताओं को छत्रसाल स्टेडियम पहुंचाया गया. प्रियंका गांधी ने पुलिस पर बदसलूकी का आरोप लगाया. कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र और संविधान की आवाज दबाने की कार्रवाई बताया. बीजेपी ने विपक्ष पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया. करीब दो घंटे बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत अन्य नेताओं को रिहा कर दिया गया.

जंतर-मंतर पर मचे सियासी घमासान की हर अपडेट आपको यहीं मिलेगी.

8:10 PM: प्रियंका गांधी समेत अन्य विपक्षी सांसदों को भी रिहा कर दिया गया है. 

7:57 PM: दिल्ली में पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए INDIA ब्लॉक के नेता और सांसद छत्रसाल स्टेडियम में मौजूद हैं. इनमें कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, TMC सांसद महुआ मोइत्रा समेत अन्य नेता शामिल हैं.

पुलिस ने इन नेताओं को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया था, जिसके बाद उन्हें छत्रसाल स्टेडियम लाया गया.

Advertisement

7:45 PM: राहुल गांधी बाराखंबा थाने के दूसरे गेट से निकाले गए हैं. उनके साथ सिर्फ पर्सनल सिक्योरिटी गार्ड ही मौजूद था. इसका मतलब है कि उनको यहां से छोड़ दिया गया है.

राहुल गांधी का काफिला यहां से जाता हुआ देखा गया. जो दूसरा गेट था, वहां से उनको निकाला गया, क्योंकि जहां पर राहुल गांधी मौजूद थे, अंदर से उनको दूसरे गेट से बाहर निकाला गया. वहां कड़ी सुरक्षा थी और कई सारे कार्यकर्ता थे. पुलिस भी काफी ज्यादा थी.

इसकी वजह से राहुल गांधी को यहां से फिलहाल, अगर कहा जाए तो जो जानकारी अभी पूरी तरीके से क्लियर होगी कि उनको वहां से हटाया गया है, छोड़ दिया गया है या फिर दूसरी जगह लेकर जाया गया है.

क्योंकि जिस तरीके से अगर उनको डिटेन किया जाता तो निश्चित तौर पर उनके साथ दिल्ली पुलिस के जवान होते. लेकिन दिल्ली पुलिस के जवान नहीं थे, बल्कि उनके पर्सनल सिक्योरिटी गार्ड थे. उनसे उनको यहां से फिलहाल जो है, वो अगर देखा जाए तो छोड़ दिया गया है.

 7:36 PM: बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रथम परिवार की हरकतें निहायती दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय. इससे एक बात बहुत साफ हो गई है कि उनको संवैधानिकता से मतलब नहीं है, वो सिर्फ और सिर्फ अराजकता से मतलब है.

Advertisement

और इसका प्रमाण ये है कि जब चुनाव आयोग ने उनसे मिलने के लिए तैयार था तो मिलने को तैयार नहीं हुए. और संविधान ये कहता है कि चुनाव आयुक्त, मुख्य न्यायाधीश या कैग को किसी प्रश्न के उत्तर के लिए संसद के पटल पर नहीं बनाया जा सकता.

मगर वो कह रहे हैं कि हमारे पार्टी के सांसदों के सामने आना चाहिए. इसका अर्थ ये है कि आप संवैधानिक अधिकार नहीं, खानदानी अहंकार बोल रहा है. कांग्रेस पार्टी से मैं कहना चाहता हूं, उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी आपको 50 सीटें देने के लायक समझ रही है और 50 से ज्यादा घंटे आप इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर फुटेज खा चुके हैं.

7:34 PM: राहुल गांधी को बाराखंबा पुलिस थाने लाया गया है. पुलिस का कड़ा पहरा है. केरलम के मुख्यमंत्री भी मौजूद हैं.

7:24 PM: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन पर अराजकता फैलाने और असामाजिक तत्वों के साथ काम करने का आरोप लगाया.

नितिन नबीन ने कहा कि देश की जनता राहुल गांधी के ऐसे इरादों को कभी सफल नहीं होने देगी. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी उन लोगों के अधिकारों की बात कर रहे हैं, जो देश में “घुसपैठिए” हैं और जनता के अधिकार छीनते हैं. उन्होंने SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण का जिक्र करते हुए कहा कि अगर ऐसे लोगों के नाम SIR के जरिए मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं और इसके बावजूद राहुल गांधी लोकतंत्र पर सवाल उठा रहे हैं, तो सवाल खुद राहुल गांधी पर उठता है.

Advertisement

7:16 PM: सूत्रों के अनुसार, चुनाव आयोग के मुताबिक अब तक कांग्रेस या किसी अन्य विपक्षी पार्टी की ओर से बैठक के लिए कोई अनुरोध या पत्र नहीं मिला है. आयोग के अनुसार, विपक्षी दलों की ओर से ECI के साथ बैठक को लेकर अभी तक कोई औपचारिक अनुरोध प्राप्त नहीं हुआ है.

7:12 PM: राहुल गांधी को बाराखंभा थाने ले जाया जा रहा है.

6:53 PM: कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया है. जिसमें प्रियंका गांधी बस में बैठी नजर आ रही हैं और कार्यकर्ताओं से बात कर रही हैं.

6:49 PM: राहुल गांधी को अब दूसरे बस से पुलिस लेकर जाएगी. 

6:38 PM: राहुल गांधी को जिस बस से पुलिस ले जा रही थी उसे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पंचर कर दिया है. राहुल को छत्रसाल स्टेडियम लेकर जाया जा रहा था.

6:31 PM: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और दिल्ली पुलिस के अधिकारी के साथ बहस हुई. ये घटना करीब 6 बजे की है.

6:27 PM: मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस और विपक्ष जितनी बार सड़क पर उतरना पड़े, गिरफ्तार होना पड़े या मुकदमों का सामना करना पड़े, इसके लिए तैयार हैं.

Advertisement

खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार और चुनाव आयोग के बीच कथित गठजोड़ का आरोप लगाते हुए कहा कि इस “एलायंस” का पर्दाफाश हो चुका है. उन्होंने कहा कि अब इस्तीफे और कार्रवाई का समय है. उन्होंने आगे कहा कि “अहंकारी सत्ता जनता के जज्बे के आगे ज्यादा देर टिक नहीं सकती.”

6:07 PM: प्रियंका गांधी ने कहा कि महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें कई जगहों पर खरोंचा. उनका दावा है कि पुलिस ने उन्हें जमीन पर पटक दिया और वहां से हटाने की कोशिश की.

उन्होंने कहा कि संसद सदस्यों के साथ इस तरह का व्यवहार किया जा रहा है, जबकि वे सिर्फ चुनाव आयुक्त से मिलने की मांग कर रहे हैं.

5:53 PM: राहुल गांधी को पुलिस ने हिरासत में लेकर बस में बिठाया.

5:40 PM: प्रियंका गांधी जंतर-मंतर के पास वाले सड़क पर जमीन पर लेट गई हैं.

5:25 PM: सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी (SP) कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल नहीं है. बताया जा रहा है कि SP को प्रदर्शन के लिए उचित तरीके से निमंत्रण नहीं दिया गया और पार्टी को इस संबंध में ठीक से संवाद भी नहीं मिला.

सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शन से पहले आयोजित लंच में भी SP का कोई सदस्य शामिल नहीं हुआ.

Advertisement

5:20 PM: दिल्ली में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे हैं. उनके साथ INDIA ब्लॉक के बड़ी संख्या में सांसद और सुरक्षा कर्मी मौजूद हैं.

5:17 PM: मौके से बताया जा रहा है कि जिस जगह कांग्रेस की बसें रोकी गई थीं, वहां से जंतर-मंतर का गोल चक्कर करीब 300 से 500 मीटर की दूरी पर है. राहुल गांधी पैदल जंतर-मंतर की तरफ जा सकते थे, लेकिन उन्हें जाने दिया जाएगा या नहीं, इसे लेकर स्थिति साफ नहीं थी.

मौके पर सुरक्षा का बेहद कड़ा बंदोबस्त था. बताया गया कि सिर्फ इस चक्कर के पॉइंट पर करीब 100 सुरक्षा कर्मी तैनात थे.

5:15 PM: दिल्ली पुलिस की ओर से जंतर-मंतर पर आंदोलन की इजाजत को लेकर भी सवाल बना हुआ था. मौके पर मौजूद स्थिति को देखते हुए माना जा रहा है कि कांग्रेस की जंतर-मंतर जाकर प्रदर्शन करने की रणनीति से पहले ही पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने का फैसला किया.

बीएनएस 163 लागू होने के बीच पुलिस ने उन कार्यकर्ताओं को डिटेन करना शुरू किया, जो मौके पर नारेबाजी कर रहे थे और पोस्टर-बैनर लेकर प्रदर्शन कर रहे थे. पुलिस एक-एक करके प्रदर्शनकारियों को बसों में बैठाती हुई नजर आई.

Advertisement

5:11 PM: राहुल गांधी की बस जैसे ही जंतर-मंतर के गोल चक्कर के पास पहुंची, वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दिल्ली पुलिस ने एक्शन शुरू कर दिया. जंतर-मंतर के पास बड़ी संख्या में पुलिस बल पहले से तैनात था. राहुल गांधी की बस के आगे नारेबाजी कर रहे तमाम कार्यकर्ताओं को पुलिस ने एक-एक करके डिटेन करना शुरू कर दिया. मौके पर कई बसें लगाई गई थीं. काफी देर से यह सवाल बना हुआ था कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को जंतर-मंतर जाने दिया जाएगा या नहीं. लेकिन जैसे ही राहुल गांधी की बस जंतर-मंतर के पास पहुंची, पुलिस ने कार्यकर्ताओं को डिटेन करना शुरू कर दिया.

5:05 PM: कांग्रेस ने एक्स पर राहुल गांधी की एक तस्वीर पोस्ट की है. जिसमें वह बस में बैठे दिख रहे हैं.

4:50 PM: कांग्रेस ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया है. साथ ही कैप्शन में लिखा, 'हम किसी को लोगों के वोट को चुराने नहीं देंगे.'

4:48 PM: CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों के प्रदर्शन के बीच पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कल दिल्ली पहुंचेंगी. सूत्रों के मुताबिक, विपक्षी दलों की ओर से दिल्ली में लगातार बढ़ रही राजनीतिक सक्रियता के बीच ममता बनर्जी के दिल्ली आने की तैयारी है.

INDIA ब्लॉक ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर सरकार और चुनाव आयोग पर दबाव बढ़ाने के लिए एक हफ्ते का विरोध कार्यक्रम शुरू किया है.

4:44 PM: प्रियंका गांधी बस में बैठकर जंतर-मंतर की ओर बढ़ रही हैं.

4:39 PM: दिल्ली में CEC मामले को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव और INDIA ब्लॉक के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है.

4:18 PM: ग्राउंड जीरो पर क्या चल रहा है, इसे आजतक संवाददाता मौसमी सिंह बता रही हैं. 

4:17 PM: दिल्ली में जंतर-मंतर के पास भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. INDIA ब्लॉक के सांसद यहां प्रदर्शन स्थल की ओर जाने वाले हैं. इससे पहले दोपहर में INDIA ब्लॉक के सांसदों ने मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से बुलाई गई बैठक में हिस्सा लिया.

4:06 PM: INDIA ब्लॉक के सांसदों को लेकर एक बस जंतर-मंतर की ओर जा रही है. इसी दौरान कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने बस को रोके जाने को लेकर सवाल उठाए.

कार्ति चिदंबरम ने कहा कि वे एक निजी बस से यात्रा कर रहे हैं, जिसके पास जरूरी परमिट है और बस ड्राइवर के पास वैध लाइसेंस है. उन्होंने कहा कि सांसद इस बस में यात्री के तौर पर सफर कर रहे हैं. उन्होंने सवाल किया कि क्या देश के नागरिकों को स्वतंत्र रूप से यात्रा करने का अधिकार नहीं है? क्या सरकार को यह बताना जरूरी है कि वे कहां जा रहे हैं? क्या निजी तौर पर यात्रा करने के लिए सरकार से परमिट लेना पड़ता है?

4:00 PM: मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से बुलाई गई विपक्षी सांसदों की बैठक के बाद सांसदों का दल जंतर-मंतर की ओर रवाना हो गया है. एक बस में खड़गे, राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी सांसद मौजूद हैं.

3:50 PM: मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि विपक्षी गठबंधन INDIA के नेताओं ने कहा है कि आज जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.

उन्होंने चुनाव आयोग की कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी गंभीर आरोप लगाए. उनका दावा है कि चुनाव आयोग जो कुछ कर रहा है, उसके पीछे नरेंद्र मोदी हैं और सरकार लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रही है.

विपक्षी नेताओं का कहना है कि सभी दल मिलकर देश की जनता को यह बताना चाहते हैं कि उनके अधिकार छीने जा रहे हैं.

उन्होंने यह भी कहा कि जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए अगर उनके खिलाफ कितने भी मामले दर्ज किए जाएं, वे न तो डरेंगे और न ही अपना प्रदर्शन रोकेंगे.

3:40 PM: डेरेक ओ’ब्रायन ने कहा कि सभी विपक्षी सांसद एक साथ और एकजुट हैं. उन्होंने कहा, “हम सभी यहां एक साथ हैं, हम सभी एकजुट हैं और हम सभी बिना किसी अहंकार के यहां हैं.”

डेरेक ओ’ब्रायन ने आगे कहा कि विपक्ष एक बड़ी ताकत के खिलाफ तब तक लड़ता रहेगा, जब तक वह बाहर नहीं हो जाती.

3:35 PM: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी सांसदों ने तीनों चुनाव आयुक्तों से मुलाकात की कोशिश की, लेकिन उन्हें मिलने से इनकार कर दिया गया. उन्होंने कहा कि आज विपक्षी सांसद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे.

राहुल गांधी ने कहा कि उनके लिए ज्ञानेश कुमार वैध चुनाव आयुक्त नहीं हैं और मांग की कि उन्हें इस्तीफा देना होगा. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और मोहन भागवत पर भी लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया.

दिल्ली में अपने और अन्य सांसदों के खिलाफ दर्ज FIR को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि उनके खिलाफ अब तक 45 FIR दर्ज की जा चुकी हैं. राहुल गांधी ने कहा, “मैं चाहता हूं कि मेरे खिलाफ 100 FIR दर्ज हों। मेरे लिए हर FIR एक मेडल की तरह है.”

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement