scorecardresearch
 

Hyderabadi Dalcha Recipe: तीन दालों और लौकी से ऐसे बनाएं हैदराबादी दालचा, जीरा राइस के साथ लगेगा बेहद टेस्टी

Hyderabadi Dalcha Recipe: रोज की दाल से हटकर कुछ चटपटा और टेस्टी खाने का मन है तो हैदराबादी दालचा ट्राई कर सकते हैं. तीन तरह की दाल, लौकी और इमली से बनने वाली यह डिश चावल या जीरा राइस के साथ बेहद टेस्टी लगती है. इसे घर पर बनाने का आसान तरीका जानें.

Advertisement
X
लंच में बनाएं हैदराबादी दालचा (Photo- ITG)
लंच में बनाएं हैदराबादी दालचा (Photo- ITG)

Hyderabadi Dalcha Recipe: दाल भारतीय खाने का अहम हिस्सा है और ज्यादातर घरों में इसे रोज बनाया जाता है. लेकिन आप रोज की दाल खाकर बोर हो गए हैं और कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं तो हैदराबादी दालचा बना सकते हैं. यह हैदराबाद की मशहूर डिश है, जिसे आमतौर पर चावल या जीरा राइस के साथ परोसा जाता है. इसमें तीन तरह की दालों के साथ लौकी, टमाटर, प्याज और कई मसालों का इस्तेमाल किया जाता है.

इमली का पानी इसमें हल्का खट्टापन जोड़ता है, जिससे इसका स्वाद और भी खास हो जाता है. तो आइए जानते हैं कि खट्टे, चटपटे और मसालेदार हैदराबादी दालचा कैसे बनाते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.

इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)

दाल पकाने के लिए

¼ कप चने की दाल

¼ कप अरहर या तूर दाल

¼ कप मूंग दाल

1 मीडियम प्याज (मोटा कटा हुआ)

1 छोटा टमाटर (मोटा कटा हुआ)

थोड़ा हरा धनिया और पुदीना (बारीक कटा हुआ)

½ छोटी चम्मच हल्दी

1 बड़ा चम्मच कसूरी मेथी

1 छोटी चम्मच नमक

दाल पकाने के लिए 3 कप पानी

दालचा बनाने के लिए

300–400 ग्राम लौकी (छीलकर बड़े टुकड़ों में कटी हुई)

¼ कप तेल

1 छोटी चम्मच जीरा

3–4 लौंग

½ छोटी चम्मच काली मिर्च

2 हरी इलायची

Advertisement

2 सूखी लाल मिर्च

1 दालचीनी का टुकड़ा

1 छोटी प्याज (बारीक कटी हुई)

1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट

1 मीडियम टमाटर (कटा हुआ)

1 छोटी चम्मच धनिया पाउडर

1 छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर

½ छोटी चम्मच हल्दी

½ छोटी चम्मच गरम मसाला

नमक स्वादानुसार

¼ कप इमली का पानी

2–3 हरी मिर्च (बीच से चीरी हुई)

हरा धनिया (बारीक कटा हुआ)

जरूरत के अनुसार पानी

हैदराबादी दालचा बनाएं कैसे?

  1. हैदराबादी दालचा बनाने के लिए सबसे पहले चने की दाल, अरहर की दाल और मूंग दाल को अच्छी तरह धोकर 30 मिनट के लिए पानी में भिगो दें. इसके बाद दालों को प्रेशर कुकर में डालें. इसमें मोटा कटा प्याज, टमाटर, हरा धनिया, पुदीना, हल्दी, कसूरी मेथी, नमक और लगभग 3 कप पानी डालें. कुकर का ढक्कन बंद करके मीडियम गैस पर 2 सीटी आने तक पकाएं. इसके बाद प्रेशर अपने आप निकलने दें.
  2. अब लौकी को छीलकर थोड़े बड़े टुकड़ों में काट लें. ध्यान रखें कि टुकड़े बहुत छोटे न हों, क्योंकि इन्हें दाल के साथ भी पकाना है.
  3. अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें. इसमें जीरा डालकर चटकने दें. फिर लौंग, काली मिर्च, हरी इलायची, सूखी लाल मिर्च और दालचीनी डालें. इसके बाद बारीक कटा प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. अब अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और लगभग 30–60 सेकंड तक पकाएं, ताकि उसका कच्चापन दूर हो जाए.
  4. अब कड़ाही में कटा हुआ टमाटर डालें. साथ ही धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, गरम मसाला और स्वादानुसार नमक डालें. मसालों को अच्छी तरह भूनें, जब तक टमाटर नरम न हो जाए. इसके बाद लौकी के टुकड़े डालकर 1–2 मिनट तक भूनें. अब एक कप पानी डालकर ढक दें और मध्यम आंच पर 6–7 मिनट तक पकाएं. लौकी को पूरी तरह गलने न दें, क्योंकि इसे दाल के साथ भी पकाना है.
  5. जब लौकी आधी से थोड़ी ज्यादा पक जाए तो इसमें तैयार दाल डाल दें. इसके बाद इमली का पानी, कटी हुई हरी मिर्च और हरा धनिया मिलाएं. कड़ाही को ढककर धीमी से मध्यम आंच पर लगभग 10 मिनट तक पकाएं. इससे लौकी नरम हो जाएगी और दाल व मसालों का स्वाद अच्छी तरह मिल जाएगा.
  6. दालचा तैयार होने पर गैस बंद कर दें. इसे गरमागरम चावल या जीरा राइस के साथ परोसें. खट्टे, चटपटे और मसालेदार स्वाद वाला यह दालचा आपके खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देगा.
---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement