scorecardresearch
 

IND vs WI: श्रेयस अय्यर ने जड़ा तूफानी शतक, भारत ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराया, सीरीज में बनाई 1-0 की बढ़त

India vs West Indies 1st T20I Highlights: वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय गेंदबाजों का दमखम देखने को मिला. तेज शुरुआत के बाद वेस्टइंडीज की टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही थी. लेकिन गेंदबाजों ने लगातार विकेट चटकाकर विंडिज को 200 के अंदर ही रोक दिया.

Advertisement
X
अय्यर ने खेली कमाल की पारी. (PHOTO: X@BCCI)
अय्यर ने खेली कमाल की पारी. (PHOTO: X@BCCI)

India vs West Indies 1st T20I Highlights: लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी है. इसके साथ ही भारत ने पांच मैचों की इस टी20 सीरीज में 1-0 से महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली है. दोनों देशों के बीच अब इस सीरीज का दूसरा टी20 मुकाबला शुक्रवार, यानी 9 अक्टूबर को रांची में खेला जाएगा.

172 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. पारी की शुरुआत में अभिषेक शर्मा रोस्टन चेज की गेंद पर लॉन्ग-ऑफ पर कैच थमा बैठे. इसके बाद अकील हुसैन की गेंद पर संजू सैमसन भी शॉर्ट बॉल पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपना कैच सीधा गेंदबाज को ही वापस थमा बैठे. शुरुआती झटकों के कारण एक वक्त भारतीय टीम संकट में नजर आ रही थी.

अय्यर ने जड़ा शतक

लेकिन इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने मोर्चा संभाला और मैदान पर चौकों-छक्कों की बौछार कर दी. श्रेयस अय्यर ने बेहद शानदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए ताबड़तोड़ शतक जड़ दिया. अय्यर ने 43 गेंदों में 10 चौके और 6 छक्के की मदद से नाबाद 102 रन बनकर टीम को जीत दिला दी. अय्यर के टी20 करियर का यह पहला शतक रहा. इसके अलावा ईशान किशन ने वाबाद 37 रन बनाने का काम किया. भारत ने 14.4 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया. 

Advertisement

वेस्टइंडीज के स्पिनर्स जब तक गेंदबाजी कर रहे थे, तब तक स्थिति थोड़ी नियंत्रित थी. लेकिन जैसे ही कैरेबियाई टीम ने तेज गेंदबाजों (जोसेफ और शेफर्ड) को आक्रमण पर लगाया, भारतीय बल्लेबाजों ने उनकी क्लास लगा दी और मैदान के चारों ओर रन बटोरे. इसके अलावा ओस के असर और क्रीज पर दो सेट बल्लेबाजों के टिक जाने के कारण भारत के लिए लक्ष्य का पीछा करना बेहद आसान हो गया

वेस्टइंडीज ने बनाए थे 171 रन

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम 171 रनों पर ऑल आउट हो गई थी. कैरेबियाई टीम के लिए कप्तान शाई होप और शेरफेन रदरफोर्ड ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं, लेकिन भारतीय गेंदबाजों खासकर स्पिनर्स के आगे पूरी मेहमान टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई.

मैच की शुरुआत में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए वेस्टइंडीज पर शिकंजा कस लिया था. भारत को पहली सफलता तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने दिलाई, जिन्होंने कामिल पूरन (12 रन) को अपनी एक बेहतरीन और घातक यॉर्कर गेंद पर बोल्ड कर दिया.

इसके बाद शिमरोन हेटमायर (5 रन) बेहद लापरवाही भरे अंदाज में रन आउट हो गए, क्योंकि क्रीज पर डाइव लगाते वक्त उनका बल्ला हवा में ही रह गया था. जल्द ही स्पिनर अक्षर पटेल ने रोवमैन पॉवेल को भी बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में बोल्ड कर दिया.

Advertisement

शुरुआती झटकों के बाद शाई होप और शेरफेन रदरफोर्ड ने पारी को संभालने की कोशिश की और अर्धशतक जड़कर टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया.

नमन धीर ने डेब्यू में किया कमाल

हालांकि, इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने जबरदस्त वापसी की. डेब्यू कर रहे ऑलराउंडर नमन धीर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ चुके खतरनाक बल्लेबाज शाई होप को चलता किया. नमन ने अपनी गेंद की लंबाई थोड़ी पीछे खींची, जिस पर हल्का टर्न मिला और होप मिड-ऑफ पर कैच थमा बैठे.

 इसके बाद चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने रोस्टन चेज को अपना शिकार बनाया, जबकि नमन धीर ने विस्फोटक बल्लेबाज रोमारियो शेपर्ड को भी पवेलियन का रास्ता दिखाया. कुलदीप यादव की गेंद पर मैथ्यू फोर्ड ने काउ कॉर्नर की तरफ हवा में शॉट खेला, जहां विकेटकीपर ईशान किशन ने एक शानदार और बेहतरीन कैच लपककर उनकी पारी का अंत किया.

भारत की ओर से अपना डेब्यू मैच खेल रहे युवा खिलाड़ी नमन धीर सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके. इसके अलावा कुलदीप यादव और अनुभवी अक्षर पटेल ने अपनी फिरकी का जलवा बिखेरते हुए दो-दो विकेट अपने नाम किए.

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, नमन धीर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, मयंक यादव.

Advertisement

वेस्टइंडीज टीम: शाइ होप (कप्तान/विकेटकीपर), कामिल पूरन, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, मैथ्यू फोर्ड, रोस्टन चेज, अकील हुसैन,शमर जोसेफ और शमर स्प्रिंगर.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement