इंदौर के होलकर स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय टीम ने 14 रनों से जीत हासिल की. इस जीत के साथ ही भारत पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 से बढ़त बनाने में कामयाब रहा. अब दोनों देशों के बीच चौथा टी20 मुकाबला 14 अक्टूबर को खेला जाएगा.
भारत की इस जीत में भारतीय तेज गेंदबाज प्रिंस यादव का अहम रोल रहा. प्रिंस यादव ने गेंद नहीं बल्कि बल्ले से कमाल का प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई. प्रिंस यादव की बल्लेबाजी देख फैन्स भी हैरान नजर आए.
प्रिंस यादव ने पारी के आखिरी ओवर में अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से महफिल लूट ली. प्रिंस ने महज 6 गेंदों पर नाबाद 13 रनों की तेज-तर्रार पारी खेली, जिसमें लगातार तीन चौके शामिल थे. मैच के बाद प्रिंस यादव ने इस बात का खुलासा किया कि उन्होंने यह कमाल करने के लिए साथी खिलाड़ी अभिषेक शर्मा के बल्ले का इस्तेमाल किया था.
अभिषेक भैया ने कहा था- बेइज्जती मत कराना
मैच के बाद बातचीत के दौरान प्रिंस ने मजेदारों अंदाज में उस वाकये को याद किया. उन्होंने बताया कि क्रीज पर उतरने से पहले अभिषेक ने उन्हें अपना बल्ला देते हुए क्या चेतावनी दी थी. प्रिंस ने हंसते हुए कहा कि अभी भैया (अभिषेक) ने मुझे बल्ला दिया था और बोले कि इस बल्ले की बेइज्जती मत करा लियो!
The batting talent you know 🔥 The reason you don't 😄 🎥 Prince Yadav and Abhishek Sharma reveal it in this 𝙛𝙪𝙣 𝙗𝙖𝙩 𝙨𝙩𝙤𝙧𝙮 👌 - By @ameyatilak #TeamIndia | #INDvWI | @mflone_ | @OfficialAbhi04 https://t.co/fl4WZkuKrr
— BCCI (@BCCI) October 12, 2026
अभिषेक शर्मा ने भी इस बात की पुष्टि की और बताया कि दिल्ली में क्रिकेट खेलते वक्त प्रिंस अपनी हार्ड-हिटिंग और ऑलराउंडर क्षमताओं के लिए जाने जाते हैं. बता दें कि वेस्टइंडीज के खिलाफ पारी के आखिरी ओवर में जब स्कोरबोर्ड पर रनों की रफ्तार धीमी पड़ रही थी, तब प्रिंस यादव और अर्शदीप सिंह ने मिलकर मोर्चा संभाला.
अर्शदीप ने ओवर में एक शानदार छक्का जड़ा, जिसके बाद प्रिंस यादव ने शमर जोसेफ की गेंदों पर लगातार तीन चौके जड़कर टीम के स्कोर को 223 रनों तक पहुंचा दिया. प्रिंस की पारी देखकर डगआउट में बैठे सभी खिलाड़ी दंग रह गए. अंत में यह छोटी सी लेकिन बेहद अहम पारी टीम इंडिया की 14 रनों की रोमांचक जीत में काफी मददगार साबित हुई.