scorecardresearch
 

स्कॉर्पियो खातिर ढाई साल का प्यार कुर्बान! संभल में दुल्हन करती रही इंतजार, दूल्हा नहीं लाया बारात, शादी वाले घर में मातम

यूपी के संभल जिले के रायसत्ती थाना क्षेत्र के परियावली गांव में शादी के दिन दहेज में स्कॉर्पियो कार न मिलने पर दूल्हा राहत अली बारात लेकर नहीं पहुंचा. ढाई साल के प्रेम प्रसंग के बाद तय हुए इस रिश्ते में, दुल्हन रिसालत के परिवार द्वारा 2000 मेहमानों की दावत और 25 लाख खर्च करने के बावजूद, लड़के पक्ष ने आखिरी वक्त पर गाड़ी की मांग रखकर शादी से इनकार कर दिया.

Advertisement
X
मेहंदी रचाए दुल्हन करती रही इंतजार, नहीं आया दूल्हा (Photo- ITG)
मेहंदी रचाए दुल्हन करती रही इंतजार, नहीं आया दूल्हा (Photo- ITG)

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में दहेज में स्कॉर्पियो कार की मांग पूरी न होने पर दूल्हा राहत अली बारात लेकर नहीं आया. रियासत की 20 वर्षीय बेटी रिसालत और राहत अली के बीच ढाई साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिस पर डेढ़ साल पहले परिजनों ने आपसी सहमति से शादी तय की थी. लड़की पक्ष ने 2000 मेहमानों की दावत और दहेज का पूरा इंतजाम किया था, लेकिन लड़के पक्ष द्वारा अंतिम समय में गाड़ी की मांग करने और बारात न लाने से शादी रुक गई. घटना 11 अक्तूबर की रायसत्ती थाना क्षेत्र के परियावली गांव की है. 

हाथों में रची रही मेहंदी, सजा रहा बारात का इंतजार

संभल जिले के परियावली गांव में रहने वाले रियासत के घर शादी की खुशियों का माहौल बना हुआ था. उनकी 20 वर्षीय बेटी रिसालत के हाथों में मेहंदी रची हुई थी और वह अपने दूल्हे के आने का बेसब्री से इंतजार कर रही थी. घर के बाहर मेहमानों के लिए दावत का भव्य इंतजाम किया गया था और दहेज का सामान भी पूरी तरह सजाकर रखा गया था. दोनों परिवारों की सहमति से तय हुई इस शादी को लेकर लड़की पक्ष ने अपनी तरफ से सारी तैयारियां पूरी कर ली थीं.

प्रेम प्रसंग से शुरू हुआ था रिश्ता, फिर तय हुई थी शादी

परियावली गांव की रहने वाली रिसालत और ज्ञानपुर सिसौना गांव के निवासी राहत अली के बीच पिछले ढाई साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. जब इस रिश्ते की जानकारी दोनों पक्षों के परिजनों को हुई, तो डेढ़ साल पहले दोनों के परिवारों ने आपसी सहमति से इनकी शादी कराने का फैसला किया था. इसके बाद 11 अक्टूबर 2026 की तारीख शादी के लिए मुकर्रर की गई, जिसके चलते लड़की के घर में जश्न की तैयारियां जोरों पर थीं.

Advertisement

स्कॉर्पियो कार की मांग पर दूल्हे ने मुंह मोड़ा

शादी के तय दिन जब दोपहर तक भी बारात नहीं पहुंची, तो लड़की पक्ष के लोग परेशान होने लगे. छानबीन करने पर पता चला कि लड़के पक्ष ने दहेज में स्कॉर्पियो या स्कॉर्पियो एन कार न मिलने के कारण बारात लाने से मना कर दिया है. लड़की के भाई के अनुसार, इस शादी में अब तक 25 लाख रुपये खर्च किए जा चुके थे और 1500 से 2000 मेहमान खाना खा चुके थे, लेकिन लड़के वाले बिना कोई सूचना दिए मुकर गए.

परिवार की गुहार और पुलिस की कार्रवाई

घटना के बाद लड़की की मां शाहना और उसके भाई ने दुख जताते हुए कहा कि वे चाहते हैं कि पिछले ढाई साल के रिश्ते को देखते हुए उनकी बेटी की शादी उसी लड़के के साथ होनी चाहिए. वहीं, इस पूरे मामले पर रायसत्ती थाना प्रभारी सौरभ त्यागी ने जानकारी दी है कि बारात के न आने की खबर मिलने के बाद मामले की जांच कराई जा रही है. पुलिस का कहना है कि लड़की पक्ष की तरफ से अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, और शिकायती पत्र मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement