scorecardresearch
 

टेक्सास उम्मीदवार के प्रचार में मस्क ने खर्च किए 212 मिलियन डॉलर, हार के बाद बोले- मेरे लेजर काम नहीं आए

टेक्सास में रिपब्लिकन उम्मीदवार केन पैक्सटन की हार पर एलन मस्क ने तंज कसा है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि लगता है मेरे चुनाव में दखल देने वाले स्पेस लेजर इस बार काम नहीं आए.

Advertisement
X
रिपब्लिकन उम्मीदवार की हार पर एलन मस्क ने चुटकी  ली है. (File Photo-Reuters)
रिपब्लिकन उम्मीदवार की हार पर एलन मस्क ने चुटकी ली है. (File Photo-Reuters)

अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में टेक्सास से रिपब्लिकन उम्मीदवार केन पैक्सटन को हार का सामना करना पड़ा है. उनकी हार पर एलन मस्क ने मजाकिया अंदाज में रिएक्शन दिया है. टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया. उन्होंने लिखा कि लगता है मेरे चुनाव में दखल देने वाले स्पेस लेजर इस बार काम नहीं आए. इस पोस्ट के साथ उन्होंने कंधे उचकाने वाला इमोजी भी लगाया.

दरअसल, टेक्सास में डेमोक्रेट उम्मीदवार जेम्स तलारिको ने पैक्सटन को हरा दिया. यह अमेरिका के इतिहास के सबसे महंगे सीनेट चुनावों में से एक था. तलारिको की जीत इसलिए भी अहम है, क्योंकि तीन दशक से ज्यादा समय बाद टेक्सास में डेमोक्रेट्स ने मिडटर्म चुनाव में जीत दर्ज की है.

पैक्सटन के प्रचार पर मस्क ने खर्च किए 212 मिलियन डॉलर

मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो एलन मस्क ने पैक्सटन के चुनाव प्रचार के लिए करीब 212 मिलियन डॉलर खर्च किए थे. पैक्सटन के समर्थन में टीवी और रेडियो पर कई एड चलाए गए. इन विज्ञापनों का खर्च बाहरी राजनीतिक समूह उठा रहे थे. इन समूहों को मिलने वाली ज्यादातर रकम मस्क की ओर से आई थी.

एक विज्ञापन में पैक्सटन के समर्थन में कहा गया था कि जब लापता लोगों के पोस्टर लगाए जाते हैं, तो केन पैक्सटन उन्हें हटवा देते हैं. इसके अलावा, मस्क ने पैक्सटन के विरोधी जेम्स तलारिको को निशाना बनाने वाले पोस्टरों पर भी बड़ी रकम खर्च की थी.

Advertisement

टेक्सास चुनाव में मस्क की इतनी दिलचस्पी क्यों थी?

दरअसल, टेक्सास में मस्क का कारोबार काफी फैला हुआ है. वह ऑस्टिन के बाहर एक परिसर में रहते हैं. ब्राउन्सविले के पास उनकी कंपनी से जुड़ा एक शहर भी है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मस्क एक पूरे स्टेट पार्क पर नियंत्रण हासिल करने की कोशिश में भी दिलचस्पी रखते हैं.

चुनाव प्रचार के दौरान मस्क ने तलारिको पर भी निशाना साधा था. एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया था कि तलारिको अमेरिका की सीमाएं खोलना चाहते हैं. वह सभी लोगों को कानूनी दर्जा देकर अपने लिए स्थायी बहुमत बनाना चाहते हैं, ताकि देश में लोकतंत्र खत्म किया जा सके.

वहीं, जेम्स तलारिको ने अपने चुनाव प्रचार में भ्रष्टाचार और अरबपतियों के राजनीतिक असर को बड़ा मुद्दा बनाया. उन्होंने पैक्सटन को टेक्सास का सबसे भ्रष्ट नेता बताया. तलारिको ने महंगाई और आम लोगों की बढ़ती मुश्किलों के लिए भी अमीर लोगों के प्रभाव को जिम्मेदार ठहराया.

सैन मार्कोस में एक रैली के दौरान तलारिको ने कहा कि पिछले पांच दशकों से अरबपति बड़े राजनीतिक चंदे के जरिए दोनों पार्टियों के नेताओं को प्रभावित करते आए हैं. चुनाव जीतने के बाद ये नेता ऐसे नियम बनाते हैं, जिनसे चंदा देने वाले अमीर लोगों को फायदा पहुंचता है.

Advertisement

तलारिको ने आरोप लगाया कि रिश्वत, सरकारी राहत और अरबपतियों को मिलने वाली टैक्स छूट से आम लोगों को नुकसान हुआ है. उन्होंने चुनाव में इसी मुद्दे को उठाकर वोटर्स का समर्थन हासिल करने की कोशिश की थी.

ट्रंप ने भी चुनावी नतीजों पर दी प्रतिक्रिया

मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को मिले झटके के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि अगर वह खुद चुनाव में उम्मीदवार होते, तो रिपब्लिकन पार्टी बड़े अंतर से जीतती.

'[यह भी पढ़ें: ट्रंप के तीनों चहेते चुनाव हारे, गढ़ में भी अमेरिकी राष्ट्रपति ने मुंह की खाई

वहीं मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने हार के लिए किसी एक व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराने से इनकार किया. उन्होंने डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर काम करने की इच्छा भी जताई. ईरान के साथ युद्ध को लेकर पूछे गए सवाल पर ट्रंप ने कहा कि वह देश के लिए जो भी अच्छा होगा, वही करते रहेंगे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement