scorecardresearch
 

'मेरी टीम ने की निज्जर की हत्या...', गोल्डी बराड़ का दावा, ऑडियो में बताई पूरी वजह

एक लीक ऑडियो में गोल्डी बराड़ ने हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. बराड़ के मुताबिक निज्जर कम उम्र के लड़कों से ड्रग्स बिकवाता था, इसलिए उसकी टीम ने यह हत्या की.

Advertisement
X
गोल्डी बराड़ ने ऑडियो में बताई हत्या की वजह. (File Photo)
गोल्डी बराड़ ने ऑडियो में बताई हत्या की वजह. (File Photo)

कनाडा में हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने दावा किया है कि 'निज्जर का कत्ल उसकी टीम ने किया था'. ब्रिटेन में बैठे आतंकी परमजीत सिंह पम्मा के साथ बातचीत का एक ऑडियो लीक हुआ है. इस ऑडियो में बराड़ खुलकर निज्जर को मारने की पूरी वजह बता रहा है.

कथित ऑडियो में बराड़ का कहना है कि निज्जर ऐसे लोगों का साथ देता था, जो 16-17 साल के बच्चों को ड्रग्स बेचने के लिए इस्तेमाल करते थे. उसका आरोप है कि इन युवाओं को ड्रग्स बेचने के साथ मुखबिरी के लिए भी ब्लैकमेल किया जाता था. बराड़ के मुताबिक, निज्जर ऐसे लोगों को समर्थन देता था. उसका दावा है कि जरूरत पड़ने पर उनका इस्तेमाल करने के लिए उन्हें ताकत भी दी जाती थी. इसी वजह से उसने अपनी टीम के साथ मिलकर निज्जर की हत्या की.

'हर किसी को अपने किए की सजा मिलती है'

बराड़ ने बातचीत के दौरान साफ कहा कि निज्जर ड्रग्स और हथियारों के अवैध काम में लगा हुआ था. इसी वजह से उसे और उसकी टीम को निज्जर को रास्ते से हटाना पड़ा. बराड़ ने कहा कि इंसान जो करता है, उसका नतीजा उसे भुगतना ही पड़ता है. उसने यह भी दावा किया कि चाहे अमेरिका, कनाडा या भारत कुछ भी कहें, उसने खुद कभी चिट्टे (ड्रग्स) का काम नहीं किया.

Advertisement

निज्जर की हत्या पर पहले से रहे हैं अलग-अलग दावे

निज्जर की हत्या के मामले में भारत और कनाडा के बीच पहले से विवाद रहा है. कनाडा की तरफ से हत्या को भारतीय एजेंटों से जोड़कर आरोप लगाए गए थे. भारत इन आरोपों को खारिज करता रहा है और कहता रहा है कि इन्हें साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत सामने नहीं रखे गए.

इंटेलिजेंस सूत्रों के मुताबिक, भारतीय एजेंसियां लंबे समय से कहती रही हैं कि निज्जर की हत्या के पीछे आपसी गैंगवार और संगठित अपराध का हाथ हो सकता है. 

हाल ही में अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ नेटवर्क के खिलाफ हुई कानूनी कार्रवाई ने भी इस बात को पुख्ता किया था कि विदेशों में आपसी रंजिश के चलते ये गैंग सक्रिय हैं. पम्मा और बराड़ की इस बातचीत से साफ हो गया है कि निज्जर की हत्या के पीछे खालिस्तानी और आपराधिक गुटों की अंदरूनी लड़ाई ही असली वजह थी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement